प्रेमिका का शव लेकर उसके घर पहुंचा प्रेमी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पकड़ी मदरहा गांव की रहने वाली युवती का शव टैंपो से लेकर उसका प्रेमी बुधवार को जब उसके घर पहुंचा तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। वहीं घरवालों ने हत्या की आशंका जताते हुए कप्तानगंज पुलिस को सूचना दी। कप्तानगंज पुलिस ने शव और युवक को कब्जे में ले लिया और इसकी सूचना रामपुर कारखाना पुलिस को दी। इसके बाद युवती के परिजन कानूनी कार्रवाई के लिए रामपुर कारखाना पहुंच गए।
जानकारी के मुताबिक, पकड़ी मदरहा गांव के एक लड़की के भाई की शादी रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के समोगर बौलिया गांव में हुई है। वहां का एक युवक लड़की के घर आता जाता था। युवक-युवती के बीच प्रेम संबंध प्रगाढ़ हो गए। लड़की के घरवालों का कहना है कि दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे लेकिन लड़के के मां बाप शादी के लिए तैयार नहीं थे।
चर्चा है कि कुछ दिन पहले युवक ने इसी मामले को लेकर जहर भी खा लिया था। इलाज के बाद युवक की हालत सुधरी तो फिर इनके बीच बातचीत होने लगी। लेकिन परिजनों के दबाव में आकर युवक ने शादी से इंकार कर दिया था। बुधवार को युवती घरवालों को चौराहे पर जाने की बात कहकर निकली लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी।
काफी देर तक युवती के घर न लौटने पर परिजनों द्वारा खोजबीन हो ही रही थी कि प्रेमी युवक टैंपो से युवती का शव लेकर आया। युवती के घरवालों का आरोप है कि प्रेमी युवक ने चाकू मारकर युवती की हत्या कर दी है। हालांकि शव लेकर आया युवक इस बात की दुहाई दे रहा था कि युवती ने खुद ही चाकू मार लिया। वह इलाज के लिए अस्पताल लेकर गया तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव युवती के घर पहुंचाने गया था।
इस संबंध में कप्तानगंज एसओ संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने पहुंचकर शव व आरोपी युवक को कब्जे में लिया और इसकी सूचना रामपुर कारखाना पुलिस को दी गई। चूंकि घटनास्थल रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में है लिहाजा कानूनी प्रक्रिया वहीं से पूरी होगी।