गोरखपुर माफिया पर शिकंजा: बहन की शादी में पहुंचा सुधीर सिंह, फिर भी गिरफ्तार नहीं कर सकी पुलिस
बहन की शादी में शामिल होने आया था जिला बदर माफिया सुधीर सिंह, दो लग्जरी वाहन को सहजनवां थाने लेकर आई पुलिस, करेगी सीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में बहन की शादी में पहुंचे जिला बदर माफिया सुधीर सिंह को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम अरेस्ट स्टे देखकर लौट आई। हालांकि पुलिस ने मौके से दो लग्जरी वाहन को जब्त कर लिया है। उसे थाना परिसर में खड़ा किया गया है। वाहनों को जल्द ही सीज किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख व जिला बदर माफिया सुधीर सिंह पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। पंचायत चुनाव में पत्नी अंजू सिंह का पर्चा खारिज होने के बाद एक बार फिर माफिया ने जिले में अपनी दस्तक देकर पुलिस को चुनौती दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। भारी फोर्स के साथ पुलिस टीम माफिया को गिरफ्तार करने सहजनवां इलाके के कालेसर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार सुधीर ने हाईकोर्ट से अरेस्ट स्टे ले रखा था। लिहाजा पुलिस को बैरंग ही लौटना पड़ा। हालांकि इस दौरान पुलिस ने उसकी दो लग्जरी गाड़ियों को जब्त किया है। वहीं, पुलिस माफिया सुधीर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी भी कर रही है।
चचेरी बहन की शादी में पहुंचा था सुधीर
बताया जा रहा है कि बीते 21 मई को सहजनवां इलाके के कालेसर स्थित माफिया सुधीर के आवास पर चाचा की बेटी की शादी थी। समारोह में जिला बदर माफिया सुधीर भी पहुंचा था। इस बीच इसकी सूचना पुलिस को लग गई। भारी फोर्स के साथ पुलिस वहां गिरफ्तारी के लिए पहुंची, लेकिन माफिया के पास हाईकोर्ट का अरेस्ट स्टे होने की वजह से उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका।
हालांकि इस दौरान पुलिस ने उसकी दो लग्जरी गाड़ियों को जब्त कर लिया। एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु ने बताया कि सुधीर सिंह की दो गाड़ियों को धारा 4/1 के तहत सहजनवां थाने में जब्त किया गया है। उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पंचायत चुनाव में पत्नी का पर्चा हुआ था खारिज
पंचायत चुनाव में जिला बदर माफिया सुधीर सिंह ने भी किसी माध्यम से पत्नी अंजू सिंह के नाम पर्चा भर दिया था। जिला प्रशासन ने उनके खिलाफ पर्चा निरस्त करने की कार्रवाई की थी। दरअसल, माफिया सुधीर सिंह पर दिसंबर 2020 में गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद छह महीने के लिए उसे जिला बदर कर दिया गया।