करोड़ों की संपत्ति का मालिक है लूटकांड का ये आरोपी, हर तीन महीने में बदल देता है गाड़ी
सूत्रों के मुताबिक दुर्गेश अग्रहरि बेहद शातिर किस्म का व्यक्ति है। छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर के दुर्गेश ने नौवीं तक पढ़ाई की फिर वह पिता के लकड़ी के कारोबार में हाथ बंटाने लगा। जल्द अमीर बनने की चाहत में उसने प्रापर्टी डीलर का काम शुरू किया। इससे उसने एक दशक में ही करोड़ों की संपत्ति जुटा ली।
दो बच्चों के पिता दुर्गेश और उसके परिवार के लोगों के नाम पर करोड़ों की संपत्ति है। वर्तमान में वह निचलौल तहसील के बगल में जमीन बेचने के काम में लगा था। दुर्गेश के साथियों ने नाम न छापने के अनुरोध पर बताया कि दुर्गेश कम समय में अमीर होने की बात कहता था। वह गाड़ियों का भी शौकीन है। हर तीन महीने में बाइक बदल देता था।
उधर, ठूठीबारी क्षेत्र के ईटहियां गांव निवासी दूसरे आरोपी शैलेश के पिता की 13 साल पहले मौत हो गई थी। स्नातक उत्तीर्ण शैलेश के पास तीन एकड़ खेती की जमीन और मकान पक्का है। उसके दो बेटी और एक बेटा है। वह पोर्टल में भी काम करता है। गांव के लोगों के मुताबिक शैलेश मिलनसार है। वह लूटकांड में भी शामिल होगा, किसी को यकीन नहीं हो रहा।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला गोरखपुर के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।