कानपुर एनकाउंटर के बाद बस्ती पुलिस ने बिछाया ये जाल, मुठभेड़ में दबोचे गए चार बदमाश, एक घायल
- एसओजी सिपाही के बांह में भी लगी गोली
- छावनी थाने के जमौलिया गांव के पास हुआ एनकाउंटर
- दो तमंचे, दो बाइक 32 हजार रुपये नकद बरामद
विस्तार
उत्तर प्रदेश के कानपुर मुठभेड़ कांड के बाद से ही बस्ती जिले में बैंक लूट के साथ कई घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाशों की धरपकड़ की कवायद शुरू कर दी गई थी। इसी बीच शुक्रवार को जिले में लूट और छिनैती की कई घटनाओं में शामिल रहे शातिर अपराधी मनोज उर्फ नाटे गिरोह से पुलिस की मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ में नाटे समेत चार बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। नाटे के पैर में पुलिस के तरफ से चलाई गई गोली लग गई वहीं बदमाशों की ओर से चलाई गई गोली एसओजी के आरक्षी की बांह में लगी है। उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल भेजा गया।
इसे भी पढ़ें... विकास दुबे एनकाउंटर के बाद बदमाशों में छाया ऐसा खौफ, सख्ती से पहले ही कर रहे सरेंडर
बदमाशों के कब्जे से दो बाइक, साढ़े 32 हजार रुपये और दो तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस द्वारा दबोचे गए बदमाशों में गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के मूड़ाडीहा निवासी मनोज उर्फ नाटे, उसी थाने के बल्दोपुरवा निवासी हरीश्चंद्र और आकाश के अलावा मनकापुर निवासी विनय कुमार शामिल है।
एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि ये चारो छावनी थाने के वांछित बदमाश हैं। इस गिरोह के लोग बैंक शाखाओं के आसपास रेकी करके चोरी और नगदी छीनने की वारदात को अंजाम देते थे। इनकी धरपकड़ के लिए एसओजी प्रभारी सर्वेश राय की टीम को लगाया गया था।
शुक्रवार को भोर में दो बाइक से सवार चार बदमाशों के छावनी के पास मौजूद होने की सूचना मिली। जिसके आधार पर एसओजी ने छावनी पुलिस के साथ बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस देखते ही बदमाशों ने फायर झोंक दिया। जिसमें एक गोली नाटे के पैर में लगी।
पुलिस के अनुसार मनोज और हरीश्चंद्र हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके खिलाफ गोरखपुर, बलरामपुर, बहराइच, गोंडा और देहरादून में दर्जन भर से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इसे भी पढ़ें... पुलिस के लिए विकास दुबे से बड़ी चुनौती बना गोरखपुर का ये बदमाश, दारोगा सहित परिवार के चार लोगों की कर चुका है हत्या