गोरखपुर में पांच डॉक्टरों समेत मिले 231 कोरोना पॉजिटिव, एक संक्रमित महिला की हुई मौत
- चार निजी अस्पताल और एक बीआरडी के डॉक्टर संक्रमित मिले
- जिले में कोरोना केस की संख्या पहुंची 5890, एक्टिव मरीज 2578
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। 24 घंटे में कोरोना के 231 नए मरीज मिले हैं। एक महिला मरीज की मौत हुई है। संक्रमितों में चार निजी अस्पताल और एक बीआरडी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर, रेल डाक सेवा के कर्मचारी, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के कर्र्मचारी और एसटीएफ के कर्मचारी शामिल हैं।
अब जिले में संक्रमितों की संख्या 5890 पहुंच गई है। इनमें 3224 मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि एक्टिव मरीज 2578 हैं। वहीं, संक्रमण से मरने वालों की संख्या 88 हो गई है।
सोमवार को रेलवे डाक सेवा के नौ कर्मचारियों के संक्रमित होने के बाद मंगलवार को फिर से कई कर्मचारियों की जांच एंटी जन किट से की गई। जांच में रेल डाक सेवा के 10 और कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए हैं। इनके अलावा शहर के चार निजी डॉक्टर भी संक्रमित मिले हैं। इनमें शहर के जाने माने मनोचिकित्सक शामिल हैं।
वहीं बीआरडी मेडिकल कॉलेज में नौ कर्मचारियों के साथ एक डॉक्टर भी पॉजिटिव पाए गए हैं। एसटीएफ कर्मचारियों के भी संक्रमित होने का सिलसिला जारी है। एसटीएफ का एक और कर्मचारी फिर संक्रमित पाया गया है। संक्रमितों में आईजी स्टांप कार्यालय के कर्मचारी भी शामिल हैं। इसके अलावा ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में कई परिवार भी कोरोना की चपेट में आए हैं।
शहर में मिले 130 मरीज
शहर में 130 नए मरीज मिले हैं। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमितों की संख्या 75 है। इसके अलावा अलग-अलग थाना क्षेत्रों के 28 मरीज मिले हैं। प्रभारी सीएमओ डॉ. नंद कुमार ने बताया कि संक्रमितों के परिजनों की कोरोना जांच कराई जाएगी। साथ ही उनके संपर्क में आने वाले की तलाश शुरू कर दी गई है।
शाहपुर थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा मरीज
शाहपुर थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा 36 मरीज मिले हैं। गोरखनाथ क्षेत्र में आठ, राजघाट में छह, तिवारीपुर में दो, कैंट में 35, कोतवाली में 23, रामगढ़ताल में नौ, चिलुआताल में एक, गुलहरिया में 10 संक्रमित मिले हैं। ग्रामीण थाना क्षेत्रों में चरगांवा में सर्वाधिक 22 मरीज पाए गए हैं।
इसके अलावा भटहट में 10, बांसगांव में दो, गगहा में एक, कैंपियरगंज में नौ, खजनी में तीन, कौड़ीराम में 14, खोराबार में 12, बेलघाट, पिपरौली में एक-एक, पिपराइच और सहजनवां में दो-दो, ब्रह्मपुर में एक संक्रमित मिला है।
बीआरडी में संक्रमित महिला की मौत
शहर के सुमेर सागर की रहने वाली 61 वर्षीय महिला की मौत बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हुई है। बताया जाता है कि दो दिन पहले कोरोना संक्रमित होने पर महिला को गंभीर हाल में परिजनों ने बीआरडी में भर्ती कराया था। प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि मरीज को शुगर सहित अन्य बीमारियां थीं। शव को कोविड प्रोटोकॉल के तेहत परिजनों को सौंप दिया गया है।