यूपी: यहां पीएनजी सेवा के लिए शहरवासियों को अभी एक साल करना होगा इंतजार, जानिए किस वजह से हो रही देरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर शहरवासियों को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) सेवा के लिए अभी एक साल तक का और इंतजार करना होगा। कोविड महामारी की वजह से टोरेंट कंपनी पाइप बिछाने का काम तेजी से नहीं कर पाई। इस वजह से वह मार्च तक 60 हजार परिवारों तक पाइप से नेचुरल गैस पहुंचाने का लक्ष्य पूरा नहीं कर पाएगी। हालांकि, कंपनी का दावा है कि वह 800 परिवारों तक इस साल पीएनजी सेवा पहुंचा देगी। इनमें गीडा सेक्टर पांच सहित आसपास के गांवों के परिवार शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, मार्च 2021 में जिले के करीब 60 हजार परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य टोरेंट कंपनी ने रखा था, लेकिन कोविड महामारी की वजह से काम में देरी हो गई। इस वजह से अब यह लक्ष्य मार्च 2022 कर दिया गया है। लॉकडाउन के बाद काम में तेजी आई तो लोगों ने पंजीकरण कराना शुरू कर दिया है।
अब तक गीडा सेक्टर पांच, नौसड़, खानीपुर और तारामंडल में रहने वाले करीब ढाई हजार लोगों ने पंजीकरण करा लिया है। इनमें से करीब 800 घरों में पीएनजी के मीटर लगने शुरू हो गए हैं। कंपनी मार्च में इन घरों में पीएनजी की सुविधा शुरू कर देगी। कंपनी का कहना है कि यह एलपीजी से काफी सस्ती है।
राप्ती नदी की वजह से शहर में पहुंचने में हो रही देरी
राप्ती नदी की वजह से शहर में पीएनजी सेवा की शुरुआत होने में देरी हो रही है। कंपनी ने राप्ती नदी में भूमिगत पाइप लाइन बिछाने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी थी, जोकि हाल ही में मिली है। अब कंपनी का ध्यान राप्ती नदी में भूमिगत पाइप लाइन बिछाने पर है।
आठ वर्षों में दो लाख घरों तक पहुंचने का लक्ष्य
टोरेंट के वाइस प्रेसिडेंट आरके नायर ने बताया कि कंपनी के पास पर्याप्त समय है। साल 2028 तक गोरखपुर, कुशीनगर और संतकबीरनगर के जिलों में पीएनजी पहुंचाने का लक्ष्य है। इस दौरान करीब दो लाख घरों तक सेवा पहुंचने का लक्ष्य है। गोरखपुर में मार्च 2022 तक 60 हजार लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य है, जो कि पूरा हो जाएगा।
खानीपुर से टोरेंट को मिलेगा गैस का कनेक्शन
टोरेंट के वाइस प्रेसिडेंट आरके नायर ने बताया कि कोरोना महामारी की वजह से काम में देरी हुई। अब तेजी से कार्य किया जा रहा है। अब तक ढाई हजार परिवारों ने पंजीकरण करा लिया है। इसमें करीब 800 परिवारों को मार्च माह में पीएनजी सेवा देनी शुरू कर दी जाएगी।