मुख्यमंत्री (कार्यवाहक) योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विधानसभा चुनाव का परिणाम केवल राजनीतिक परिणाम नहीं है, यह प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में सुरक्षा, सर्वांगीण विकास, सुशासन और जन कल्याण के प्रति पांच वर्ष तक प्रतिबद्धता, ईमानदारी से किए गए कार्यों पर भाजपा के पक्ष में प्रचंड बहुमत की जीत वाली जनता की मुहर है। चुनाव परिणाम बताता है कि जीत हमेशा सत्य की होती है। योगी चार दिवसीय (17-20 मार्च) दौरे पर गोरखपुर आए हैं। वह बृहस्पतिवार को पांडेयहाता के होलीकोत्सव में शामिल हुए। वहां उन्होंने फूलों की होली खेली।
Holi 2022: सीएम योगी ने खेली फूलों की होली, बोले- हर पल जनता के साथ खड़ी रहती है संवेदनशील सरकार
मुख्यमंत्री ने पांडेयहाता के होलिकोत्सव में हिस्सा लिया, बोले-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जन विश्वास का प्रतीक हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव में जीत के बाद पहली बार गोरखपुर आए योगी आदित्यनाथ ने पांडेयहाता होलिकादहन उत्सव समिति के कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश में विकास, सुरक्षा और सुशासन के लिए लोकप्रिय सरकार को प्रचंड बहुमत मिला है। इसके लिए प्रदेश की जनता का आभार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब आठ वर्ष पहले सुरक्षा, विकास और सुशासन की नींव रखी थी, जो अब सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के रूप में जन विश्वास का प्रतीक बन गया।
कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने मिलकर प्रदेश की 25 करोड़ जनता के लिए ईमानदारी और प्रतिबद्धता से काम किया है। प्रदेश की पहचान, आस्था का सम्मान, महिलाओं, बहन, बेटियों की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, व्यापारियों की सुरक्षा और किसानों की खुशहाली के क्षेत्र में बहुत काम हुआ है। बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ पहुंचाने के जो सफल कार्य हुए, उनका सुखद परिणाम चुनाव में देखने को मिला है।
योगी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में विपक्ष की तरफ से तमाम भ्रामक प्रचार किए गए। अनर्गल प्रलाप किया गया। आपत्तिजनक व व्यक्तिगत टिप्पणियां की गईं। राजनीतिक मर्यादाओं को धता बताया गया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता का विश्वास दृढ़ता से कायम रहा और विपक्ष की सारी कारगुजारी धरी की धरी रह गई।
योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास की प्रक्रिया के साथ तेजी से आगे बढ़ा है। हमें उत्तर प्रदेश को देश की नंबर वन अर्थव्यवस्था बनाने के साथ ही देश का अग्रणी राज्य बनाना है। इसके लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों की खुशहाली, युवाओं के रोजगार, महिलाओं व व्यापारियों की सुरक्षा, प्रति व्यक्ति आय आदि क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए। होली पर्व की प्रासंगिकता भी यही होगी कि हम सभी इस स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में अपना योगदान देने के लिए संकल्पित हों। होली सामूहिकता के भाव की प्रेरणा देने का पर्व है।