फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   CM Yogi Adityanath said BJP storm has now turned into tsunami rioters traitors will fly away mafia trembling with fear of bulldozer

सीएम योगी बोले: भाजपा की आंधी अब सुनामी में बदली, उड़ जाएंगे दंगाबाज-दगाबाज, बुलडोजर के भय से कांप रहे माफिया

Sat, 26 Feb 2022 09:34 PM IST
प्रशांत कुमार अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर। Published by: प्रशांत कुमार Updated Sat, 26 Feb 2022 09:34 PM IST
सार

मुख्यमंत्री ने शनिवार को पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के जीतपुर में भाजपा प्रत्याशी महेंद्रपाल सिंह के पक्ष में चुनावी जनसभा की। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने विकास के नाम पर सिर्फ कब्रिस्तानों की बाउंड्री बनवाई है। भाजपा सरकार सड़क, बिजली व पानी पर काम कर रही है।

विज्ञापन
CM Yogi Adityanath said BJP storm has now turned into tsunami rioters traitors will fly away mafia trembling with fear of bulldozer
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार देर शाम पिपराइच और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में जनसभा करके विपक्ष पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की आंधी अब सुनामी में बदलने वाली है। इस आंधी में दंगाबाज व दगाबाज उड़ जाएंगे। माफिया और मच्छर के खिलाफ पिछले 25 वर्षों से जारी लड़ाई, अब अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। विधानसभा चुनाव के परिणामों की आहट मिलते ही दंगाई व माफिया के आका ऑस्ट्रेलिया और छुटभैये नेपाल भाग जाएंगे। बुलडोर चलता रहेगा। विकास सबका किया  जाएगा। तुष्टिकरण किसी का नहीं होगा।

विज्ञापन


उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम की आहट मिलते ही दंगाई व माफिया के आका 10 मार्च के बाद ऑस्ट्रेलिया भागने की फिराक में हैं। कुछ खासमखास व छुटभैये अन्य देशों का रुख करने वाले हैं। सब अभी से टिकट बुक करा रहे हैं। जो बचे-खुचे छुटभैये हैं, वह कहीं और नहीं भाग पाएंगे तो नेपाल की राह पकड़ लेंगे। गोरखपुर क्षेत्र का चुनाव छठवें चरण में तीन मार्च को होगा। तीन मार्च को प्रचंड बहुमत का जोरदार छक्का मारा जाएगा। यह कहना है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का। वह गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी व विधायक विपिन सिंह के समर्थन में बर्डघाट रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री के निशाने पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रहे। उन्होंने कहा कि दंगाइयों व माफिया को प्रश्रय देने व भ्रष्टाचार का पोषण करने वालों ने चुनाव से पहले ‘यूपी में का बा’ कहने का प्रयास किया था, लेकिन विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ कानून व्यवस्था पर कुछ नहीं कह सके। अब जनता, काम गिनाकर भाजपा को समर्थन दे रही है। विपक्ष को जनता ने ही माकूल जवाब दे दिया है।
विज्ञापन


उन्हें ठीक से पता चल गया है कि यूपी में बाबा, उनका बुलडोजर और बिना भेदभाव के सबका विकास भी है। बचे-खुचे माफिया का दस मार्च के बाद इलाज योगी ने कहा कि कभी मच्छर व माफिया के चलते गोरखपुर बदनाम था। दोनों का उपचार कर इस बदनामी से मुक्ति दिलाई गई है। बचे-खुचे माफिया का दस मार्च के बाद इलाज कर दिया जाएगा। मच्छर और माफिया के खिलाफ 25 वर्ष पहले लड़ाई प्रारम्भ हुई थी। अब यह लड़ाई अंतिम विजय की ओर अग्रसर है। माफिया व अपराधी यहां के गरीब व व्यापारियों की संपत्ति हड़प लेते थे। गुंडा टैक्स वसूलते थे। अब ऐसा करने की हिम्मत कोई नहीं कर सकता। नीयत साफ हो तो नियंता भी मददगार बनते हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में कोरोना प्रबंधन की दुनिया सराहना कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

बुलडोजर के भय से थर-थर कांप रहे माफिया
भीड़ में बुलडोजर का खिलौना लेकर आए व्यक्ति को देख योगी उत्साहित दिखे और कहा कि 2017 के पहले बिजली, राशन, गरीबों के आवास का पैसा माफिया ले जाते थे। अब ऐसा नहीं होता। यूपी के लोगों को कोई कष्ट न हो, इसके लिए माफिया पर नकेल कसी गई। बीमारियों से मुक्ति दिलाई गई। विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया। सरकार का बुलडोजर एक्सप्रेस वे बना रहा है तो माफिया थर-थर कांप रहे हैं। इस चुनाव में जनता को विपक्ष के बहुरूपियों से सावधान रहना होगा। इस मौके पर विधायक व प्रत्याशी विपिन सिंह, शहर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रविकिशन, नगर विधायक डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल, मेयर सीताराम जायसवाल, पूर्व महापौर अंजू चौधरी, भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता मौजूद रहे।
 

पांच चरण में ही भाजपा पूर्ण बहुमत से आगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में रविवार को पांचवें चरण के चुनाव होंगे। अब तक जो रुझान मिले हैं, उसके मुताबिक पांचवें चरण में ही भाजपा को पूर्ण बहुमत मिल जाएगा। छठवें व सातवें चरण का मतदान होते ही भाजपा 300 पार के लक्ष्य से भी आगे होगी। मेरा गोरखपुर मुझे सदैव प्रेरणा व शक्ति प्रदान करता है। यहां की जनता नौ विधानसभा सीटों पर भाजपा को जीत दिलाने का काम करेगी, ऐसा विश्वास है। देश-दुनिया में गोरखपुर का मान-सम्मान बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के जीतपुर में भाजपा प्रत्याशी महेंद्रपाल सिंह के पक्ष में चुनावी जनसभा की। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने विकास के नाम पर सिर्फ कब्रिस्तानों की बाउंड्री बनवाई है। भाजपा सरकार सड़क, बिजली व पानी पर काम कर रही है। खाद कारखाना, एम्स, मेडिकल कॉलेज व चीनी मिल का निर्माण पूरा हो गया है। पिपराइव क्षेत्र में ही आयुष विश्वविद्यालय बन रहा है। रोजगार के साथ हर वर्ग को सम्मान दिया जा रहा है। बिना भेदभाव के ही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। हर तीर्थ स्थल का विकास कर उसे दर्शनीय बनाया जा रहा है। 

दंगाइयों की साथी नहीं, विकास करने वाली दमदार सरकार 

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र का विकास करने वाली दमदार सरकार है। दंगाइयों का साथ देने वाली सरकार नहीं चाहिए। प्रदेश वही है और प्रशासन भी वही है। पहले दंगे होते थे, कर्फ्यू लगता था। ईद-बकरीद पर बिजली आती थी, लेकिन होली-दिवाली पर गुल रहती थी। पश्चिम में बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं। महिलाएं बाजार नहीं निकल पाती थीं। कसाई दरवाजे से मवेशियों को उठा ले जाते थे। अब न तो दंगे होते हैं और न ही कर्फ्यू लगता है। दंगा करने वालों का फोटो सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा हो जाता है। दंगाई व अपराधी गले में तख्ती लटकाकर चलते हैं कि हम ठेला लगाकर सब्जी बेच लेंगे, लेकिन हमारी जान बख्श दो। गोमाता को बचाने के लिए सभी बूचड़खाने बंद करा दिए गए हैं।


 

अपराधियों की छाती पर चलने वाला है बुलडोजर 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में भयमुक्त वातावरण कायम हुआ है। अगर गुंडे सत्ता में आएंगे तो फिर वही करेंगे, जो वे पांच साल पहले करते थे। आज अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा है। अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव, मथुरा, वृंदावन व बरसाना में भव्य रंगोत्सव और काशी में विहंगम देव दीपावली का आयोजन होता है। प्रदेश को एक बार फिर ऐसी ही सरकार की जरूरत है। दंगाइयों का साथ देने वाली सरकार नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के एक हाथ में विकास है तो दूसरे हाथ में अपराधियों की छाती पर चलने वाला बुलडोजर है। यह सिलसिला जारी रहेगा।


 

बिजली तब आती नहीं थी, अब जाती नहीं

योगी ने कहा कि बिजली की भरपूर आपूर्ति को लेकर जनता से संवाद किया। उन्होंने सवाल किया, 2017 के पहले बिजली आती थी क्या? जनता के बीच से एकस्वर में जवाब मिला-नहीं। मुख्यमंत्री ने फिर पूछा कि अब आती है या नहीं।  आवाज गूंजी-हां। इस पर सीएम ने कहा पहले बिजली आती नहीं थी, अब जाती नहीं है। योगी ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि अभी तो शुरुआत है। आगे बहुत सी सौगातें मिलने वाली हैं। कोरोना संकटकाल में सरकार ने मुफ्त जांच, मुफ्त इलाज व मुक्त वैक्सीन की सुविधा दी। किसी से एक पैसा नहीं लिया गया। सपा व बसपा की सरकार में ऐसा नहीं कर सकते थे। कोरोना संकटकाल से ही सबको दो बार मुफ्त राशन, रिफाइंड तेल, दाल, चीनी व नमक मिल रहा है। भाजपा सरकार ने तय किया है कि होली व दिवाली में मुफ्त रसोई गैस भी देंगे। गरीब कन्याओं की शादी के लिए अब एक लाख रुपये देंगे।

 
 

गोमाता भी बचेंगी, अन्नदाता की फसल भी
योगी ने कहा कि अन्नदाता किसानों के लिए तमाम योजनाओं को चलाने के साथ ही सरकार ने एक और व्यवस्था की है। फसलों को बचाने के लिए गोवंश आश्रय स्थल खोले गए हैं। इसके साथ ही अब उसके गोबर का सदुपयोग किया जाएगा। अभी रसोई गैस भरवाना पड़ता है। आने वाले दिनों में गोबर गैस की सप्लाई घर-घर सुनिश्चित की जाएगी। इससे गोवंश का संरक्षण भी होगा। यानी गोमाता भी बचेंगी और अन्नदाता किसानों की फसल भी। 

उपलब्धियां भी गिनाईं
योगी ने उपलब्धियां भी गिनाईं और कहा कि पिपराइच में दो-दो विश्वविद्यालय दिए हैं। पहले आयुष विश्वविद्यालय का शिलान्यास राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया। बालापार में गुरु गोरखनाथ के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया है। अब युवाओं को मेडिकल, नर्सिंग, फार्मेसी, आयुर्वेद की पढ़ाई के लिए बाहर जाना नहीं पड़ेगा। पिपराइच को चीनी मिल का उपहार भी मिला है। इस क्षेत्र में डिग्री कॉलेज, इंटर कॉलेज, आईटीआई, बिजली, सड़क, पुल, आवास, राशनकार्ड आदि सुविधाओं की लंबी श्रृंखला है।

पट्टा देकर देंगे मकान
योगी ने कहा कि जिनके आवास रह गए हैं, उन्हें तो आवास मिलेगा ही, जिनके पास आवास बनाने के लिए जमीन नहीं है, उन्हें भी पट्टा देकर मकान का उपहार दिया जाएगा। यही विकास होता है। आप सबको ऐसी ही सरकार की जरूरत है, जो विकास की नजीर पेश कर सके। 

नौ सीटें जितवाएं, 330 पहुंचेगा आंकड़ा
योगी ने सभी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के नाम गिनाए और कहा कि अपने मित्रों, परिचितों, रिश्तेदारों सभी से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करें। गोरखपुर की नौ सीटें जीतने पर पिछली बार 325 की बजाय हम 330 पार की स्थिति में होंगे। उन्होंने लोगों से पहले मतदान, फिर जलपान का मंत्र दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed