गोरखपुर: व्यापारी के साथी को लिफ्ट देकर कार सवारों ने 6.50 लाख लूटे, CCTV की मदद से तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस एम्स गेट से जगदीशपुर चौकी के बीच लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस खंगाल रही है। कोशिश है कि गाड़ी का नंबर हाथ लग जाए, लेकिन इस रास्ते में ज्यादा कैमरे लगे नहीं हैं। जो लगे है, उससे पुलिस को अभी कुछ खास सफलता हासिल नहीं हो सकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एम्स गेट के पास से गल्ला व्यापारी के साथी रामाकांत जायसवाल को कार में लिफ्ट देकर बदमाश 6.50 लाख रुपये लूट लिए। कुसम्ही जंगल में घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश पीड़ित को जगदीशपुर पुलिस चौकी के पास छोड़कर फरार हो गए।
व्यापारी की सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच पड़ताल शुरू कर दी है। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने मौका मुआयना कर तीन अलग-अलग टीमें गठित कर घटना के पर्दाफाश के लिए लगाया है। हालांकि, पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
जानकारी के मुताबिक, खोराबार के चनकापुर निवासी ओमप्रकाश गुप्ता गल्ला का व्यापार करते हैं। वह बिहार के हाजीपुर के फ्लावर मिल से लेनदेन किया करते हैं। गेहूं का बकाया रुपये लेने के लिए उनके साथी कुशीनगर के हाटा निवासी रामाकांत जायसवाल बिहार गए थे।
शुक्रवार को लखनऊ-बरौली ट्रेन से गोरखपुर कैंट रेलवे स्टेशन पर उतरे। पैदल ही वह एम्स गेट के पास आए और कुशीनगर जाने के लिए सवारी गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक कार से तीन लोग आए और कुशीनगर के लिए आवाज देने लगे। रामाकांत उसमें सवार हो गए। पीछे दो युवक बैठे थे।
कुसम्ही जंगल के पास उसने फोन करने के बहाने रामाकांत का मोबाइल फोन मांगा और सिम निकाल कर फेंक दिए। विरोध करने पर व्यापारी से मारपीट कर रुपये लूट लिए। इसके बाद रामाकांत को जगदीशपुर पुलिस चौकी के पास उतारकर भाग निकले। रामाकांत जगदीशपुर पुलिस चौकी पहुंचे और घटना की जानकारी दी।
रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही पुलिस
पुलिस एम्स गेट से जगदीशपुर चौकी के बीच लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस खंगाल रही है। कोशिश है कि गाड़ी का नंबर हाथ लग जाए, लेकिन इस रास्ते में ज्यादा कैमरे लगे नहीं हैं। जो लगे है, उससे पुलिस को अभी कुछ खास सफलता हासिल नहीं हो सकी है।
रेकी कर वारदात की आशंका
जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे साफ लग रहा है कि बदमाशों को यह मालूम था कि रुपये लेकर व्यापारी आ रहा है। बैंक बंद होने की वजह से वह नकद लेकर आ रहे थे।
इस वजह से घटना को संदिग्ध मान रही पुलिस
गल्ला व्यापारी ओमप्रकाश गुप्ता के साथी व्यापारी रामाकांत ने बिहार के जिस शख्स से नकद साढ़े लाख रुपये लेकर आने की बात कही है, उसने रुपये देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने बिहार के शख्स से संपर्क किया तो उसने साफ कहा कि नकद में वह लेनदेन करता ही नहीं है। इस वजह से पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। हालांकि, पुलिस घटना की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने कहा कि व्यापारी के साथी ने लूट की सूचना दी है। बिहार के जिस शख्स से रुपये लेने की बात कही है, वह इनकार कर रहा है। फिलहाल, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है, जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।