यहां प्रधानमंत्री से बात करके उत्साहित दिखे उद्यमी, बोले- सपने में नहीं सोचे थे कि पीएम से होगा संवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कांफ्रेसिंग के जरिए संतकबीरनगर जिले के दो उद्यमियों से संवाद किया। उनके रोजगार और बैंकों से मिले अनुदान की जानकारी हासिल की। रोजगार को बड़े स्तर पर ले जाने और बैंक का ऋण समय से भुगतान करने का सुझाव दिया। उद्यमियों ने प्रवासी मजदूरों को रोजगार मुहैया कराए जाने की जानकारी दी तो पीएम ने प्रसन्नता जाहिर की। इधर पीएम से संवाद करने के बाद दोनों उद्यमी प्रफुल्लित हैं।
इंडस्ट्रीयल एरिया में साईंकृपा फूड प्रोडक्ट संचालित करने वाले जिले के बेकरी व्यवसायी अमरेंद्र कुमार राय ने बताया कि उन्होनें कभी सपने में नहीं सोचा था कि प्रधानमंत्री उनसे संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री से वार्ता हुई तो वह खुद को गौरवान्वित महसूस किए।
वार्ता में बताए कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 25 लाख रुपये का ऋण उन्हें मिला है। जिससे बेकरी का व्यवसाय करते हैं और इसका विस्तार करेगें। उन्होने बताया कि अपने व्यवसाय में 12 प्रवासियों को रोजगार देने की जानकारी प्रधानमंत्री को दिए हैं। अभी तो वह रस्क एवं जीरा बनाते है, लेकिन अब वह नमकीन और बिस्कुट भी बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत होजरी का व्यवसाय करने वाले रामचंद्र वर्मा भी प्रधानमंत्री से संवाद करके काफी उत्साहित दिखे। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 11 लाख रुपये का ऋण बैंक से उन्हें मिला है।
उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया है कि अभी वह छोटे पैमाने पर कुर्ती व टी-शर्ट बनाने का कार्य करते थे। अब वे मशीन के द्वारा शर्ट, पैंट तथा अन्य कपड़ों का उत्पादन करेंगें। रामचंद्र वर्मा बताते हैं कि प्रधानमंत्री से उनकी वार्ता हुई, यह सौभाग्य की बात है।
डीएम रवीश गुप्ता ने बताया कि जनपद में कोरोना संक्रमण की वजह से लॉकडाउन की अवधि में 1.27 लाख प्रवासी कामगार वापस आए हैं। जिसमें से 92 हजार का स्किल मैपिंग करा लिया गया है। इसमें से 50 हजार अकुशल और 35 हजार कुशल तथा शेष सात हजार प्रशिक्षित कारीगर हैं।
उन्होंने बताया कि अकुशल कामगारों को प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। इसके साथ ही मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उपायुक्त उद्योग रवि शर्मा ने बताया कि लघु सूक्ष्म, एवं मध्यम उद्योग के तहत प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा रोजगार कार्यक्रम तथा एक जनपद एक उत्पाद के तहत 12 लोगों को 90 लाख रूपये का ऋण उपलब्ध करा कराया गया है। प्रदेश में जनपद प्रथम स्थान पर है। इस दौरान डीएम रवीश गुप्ता, उपायुक्त उद्योग रवि कुमार शर्मा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी चंद्रशेखर यादव, विपिन आदि उपस्थित रहे।