गोरखपुर: पटाखे की चिंगारी के विवाद में घायल लोहार की मौत, आक्रोशित परिजन ने सड़क जाम करने की कोशिश की
परिजन ने घटना के पीछे पुरानी रंजिश होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जयकरन के पिता स्वर्गीय चौथी करीब तीन साल पहले धनुष चंद के मकान में किराये पर रहते थे। लगभग एक साल पहले उनकी मौत हो गई थी। इसी दौरान धनुष चंद द्वारा जयकरन की बहन पर गलत नजर रखने को लेकर विवाद हुआ था।
विस्तार
शाहपुर क्षेत्र के श्रीराम चौराहे पर दिवाली के दूसरे दिन पटाखे की चिंगारी को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल लोहार युवक जयकरन विश्वकर्मा (24) की बृहस्पतिवार देर रात मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। चार दिन तक चले इलाज के बाद शुक्रवार सुबह मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग श्रीराम चौराहे पर जुट गए और फातिमा बाईपास जाम करने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची शाहपुर पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
जानकारी के मुताबिक, पिपराइच क्षेत्र के बिस्मिल्लाह गांव निवासी जयकरन विश्वकर्मा फातिमा बाईपास स्थित श्रीराम चौराहे के पास झोपड़ी डालकर परिवार के साथ लोहे का काम करता था। सोमवार रात करीब नौ बजे जंगल सालिकराम के श्रीराम चौराहा निवासी धनुष चंद निषाद के परिवार के लोग घर के सामने पटाखे फोड़ रहे थे। पास में प्लास्टिक रखी होने के कारण आग लगने की आशंका जताते हुए जयकरन ने पटाखे फोड़ने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।इसके बाद जयकरन अपने कमरे पर चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद धनुष चंद अपने रिश्तेदारों के साथ उसके क्वार्टर पर पहुंचा और उसे कमरे से खींचकर बाहर ले आया। आरोपियों ने चारपाई की पटिया और रॉड से उसकी पिटाई की। उसे करीब 100 मीटर दूर स्थित दुकान तक पीटते हुए ले गए, जहां गंभीर चोट लगने से वह अचेत हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने जयकरन को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था।
पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था
जयकरन के भाई उमेश विश्वकर्मा की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। मुख्य आरोपी धनुष चंद निषाद को मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। जयकरन की मौत के बाद अब मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।
पुरानी रंजिश में हमले का भी आरोप
परिजन ने घटना के पीछे पुरानी रंजिश होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जयकरन के पिता स्वर्गीय चौथी करीब तीन साल पहले धनुष चंद के मकान में किराये पर रहते थे। लगभग एक साल पहले उनकी मौत हो गई थी। इसी दौरान धनुष चंद द्वारा जयकरन की बहन पर गलत नजर रखने को लेकर विवाद हुआ था। इस संबंध में पुलिस से शिकायत भी की गई थी।परिजनों के मुताबिक, इसी बात को लेकर जयकरन ने एक बार धनुष चंद को थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद वह राजस्थान चला गया था और दीपावली पर ही वापस लौटा था।
बड़े भाई की दिसंबर में होनी थी शादी
जयकरन दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। पिता की मौत के बाद परिवार सड़क किनारे लोहे का काम कर किसी तरह गुजर-बसर कर रहा था। बड़े भाई उमेश की दिसंबर में शादी तय थी, लेकिन इससे पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी धनुष चंद के ससुर स्वर्गीय अर्जुन निषाद चरगांवा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और हरसेवकपुर नंबर दो के ग्राम प्रधान रह चुके थे।