मिशन 2024 की तैयारी में जुटी भाजपा: प्रशिक्षण शिविर से संगठन को और मजबूत बनाएगी पार्टी, सपा भी तैयार
तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को सफल बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल में 10 जिले हैं। भाजपा गोरखपुर क्षेत्र संगठन के लिहाज से 12 जिला व महानगर इकाइयां हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। चुनाव 2024 में होंगे, लेकिन संगठन की कील-कांटे नए सिरे से दुरुस्त किए जा रहे हैं। इसी लिहाज से हर जिले में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया जा रहा है। इसकी शुरुआत शनिवार (23 अप्रैल) से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गढ़ आजमगढ़ से होगी। आजमगढ़ भाजपा गोरखपुर क्षेत्र का हिस्सा है।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर से भाजपा संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा। इसे सफल बनाने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की भी मदद ली जाएगी। तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को सफल बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल में 10 जिले हैं। भाजपा गोरखपुर क्षेत्र संगठन के लिहाज से 12 जिला व महानगर इकाइयां हैं।
इन सबके प्रशिक्षण की रूपरेखा तय कर ली गई है। प्रशिक्षण शिविर के संयोजक क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राय हैं। क्षेत्रीय मंत्री बजरंगी सिंह बज्जू और डॉ पंकज सिंह सह संयोजक बनाए गए हैं। जिले स्तर पर भी संयोजक बनाए गए हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष के मुताबिक तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में 15 सत्र होंगे। इनमें सांसद, विधायक, नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे।
ये होंगे वक्ता
निर्धारित 15 विषयों के प्रशिक्षण के लिए वक्ता तय कर दिए गए हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उत्तर प्रदेश प्रभारी डॉ राधा मोहन सिंह, प्रदेश महामंत्री व गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व देवरिया के सांसद डॉ रमापति राम त्रिपाठी, महराजगंज के सांसद और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, प्रदेश मंत्री त्रयंबक नाथ तिवारी, डुमरियागंज से भाजपा सांसद जगदंबिका पाल, पूर्व मंत्री डॉ सतीश द्विवेदी शामिल हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक सुभाष भी प्रशिक्षण शिविर में मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम
23, 24, 25 अप्रैल: आजमगढ़।
24, 25, 26 अप्रैल: गोरखपुर जिला व महानगर इकाई, देवरिया, सिद्धार्थनगर और लालगंज।
28, 29, 30 अप्रैल: संतकबीरनगर।
29, 30 अप्रैल व 1 मई: कुशीनगर, बस्ती, मऊ और बलिया।
29, 30 अप्रैल व 1 मई: महराजगंज।
प्रशिक्षण शिविर को ऐतिहासिक बनाएंगे
भाजपा की जिला इकाई की बैठक शुक्रवार को नवल्स एकेडमी, कुसम्ही बाजार में हुई। जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर को ऐतिहासिक बनाना है। पहले सत्र का उद्घाटन प्रदेश मंत्री त्रयंबक नाथ त्रिपाठी करेंगे। इस मौके पर नवल्स एकेडमी के प्रबंधक संजयन त्रिपाठी, शेषमणि त्रिपाठी, मनोज कुमार शुक्ल, हरिकेश राम त्रिपाठी, जगदीश चौरसिया, डॉ आरडी सिंह, राजाराम कन्नौजिया, सबल सिंह पालीवाल, समरजीत पासवान, स्वतंत्र सिंह, जिला मीडिया प्रभारी केएम मझवार व राहुल जायसवाल मौजूद रहे।