Gorakhpur News: सभा से पहले कमिश्नर दफ्तर में कर्मचारी को पीटा, सरकारी दस्तावेज फाड़े
एएसपी मानुष पारिक ने कहा कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कमिश्नर दफ्तर परिसर में मंगलवार सुबह आंबेडकर जनमोर्चा के बैनर तले आयोजित धरना-प्रदर्शन के पहले जमकर बवाल भी किया गया। आरोप है कि धारा 144 का उल्लंघन करते हुए भीड़ ने नाजिर से मारपीट की और फिर कार्यालय में घुसकर सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए। इतना ही नहीं, बाहर लगाए गए गमलों को तोड़कर पौधों को भी नष्ट कर दिया।
पुलिस ने नाजिर राजेश कुमार शर्मा की तहरीर पर आंदोलन का नेतृत्व कर रहे श्रवण कुमार निराला, पूर्व आईजी दारापुरी समेत 13 नामजद व 10 से 15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इस मामले में श्रवण कुमार निराला समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भिजवा दिया है। सभी को सरकारी काम में बाधा डालने, तोड़फोड़ करने, बिजली चोरी, सरकारी व सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, 9 सीएलए सहित अन्य गंभीर धाराओं का आरोपी बनाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, कमिश्नर दफ्तर में तैनात नाजिर व रुस्तमपुर आजाद नगर निवासी राजेश कुमार शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि 10 अक्तूबर की सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचे। परिसर के भीतर कुछ लोग टेंट लगा रहे थे। कुछ समय बाद करीब 11 बजे श्रवण कुमार निराला समेत कई नेता अपने समर्थकों के साथ आ गए।
आरोप है कि सभी जबरन कार्यालय परिसर में घुस आए और तार जोड़कर बिजली चोरी करते हुए माइक लगाकर जनसभा करने लगे। उन्होंने और साथी कर्मचारियों ने बताया कि जिले में धारा 144 लागू है। पांच से अधिक संख्या में एकत्रित नहीं हो सकते।
आरोप है कि समझाने पर वे आगबबूला हो गए और धक्का-मुक्की कर कार्यालय में घुस आए। अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए। कहने लगे कि जनसभा करके ही रहेंगे। जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोप है कि सभी नेता कार्यालय से बाहर निकलकर परिसर में रखे गमलों को तोड़ते हुए सभास्थल पर पहुंचे और जनसभा करने लगे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एएसपी मानुष पारिक ने कहा कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ है केस
बिछिया पीएसी कैंप के पास रहने वाले श्रवण कुमार निराला, बांसगांव के भुसवल निवासी ऋषि कपूर आनंद, चिलुआताल के नौतन बिहार कॉलोनी निवासी सीमा गौतम, धस्का कौड़ीराम निवासी राजेंद्र प्रसाद, बांसगांव के भियूरी निवासी डॉ. रामू सिद्धार्थ, कैंट इलाके के रहने वाले नीलम बौध, सविता बौध, दीदी निर्देश सिंह, अयूब अंसारी, इंदिरानगर लखनऊ निवासी दारापूरी, मंगलापुरी निवासी जयभीम प्रकाश, गौतमबुद्ध नगर निवासी देवी राम, सुधीर कुमार झा व 10 से 15 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है।