बड़हलगंज किसान हत्याकांड: अपराधों पर लगाम के लिए भूमि दान दी फिर भी हुआ खूनखराबा
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने बिहार से तमंचा खरीदा था। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगी है, जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी सुनील यादव पर 12 केस दर्ज हैं, इसमें हत्या, हत्या की कोशिश, गैंगस्टर, बलवा, एसएसी-एसटी जैसे मामले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिस रुधौली गांव में घटना हुई है, वहां और आसपास के गांव के लोगों को पुलिस की मदद लेने के लिए 20 किलोमीटर दूर जाना होता है। वजह यह है कि पुलिस चौकी नहीं है। मधुपुर में पुलिस चौकी के लिए करीब चार साल पहले शख्स ने अपराधों पर लगाम के लिए अपनी कीमती जमीन दे दी, लेकिन उस पर आज तक कवायद आगे नहीं बढ़ पाई़। जबकि पुलिस चौकी खुलने से 45 गांवों के लोगों को फायदा होता।
जानकारी के मुताबिक, 10 लाख से अधिक आबादी वाले बड़हलगंज क्षेत्र के कछारांचल के मधुपुर इलाके में 54 गांव आते हैं। यहां बड़हलगंज थाना क्षेत्र के अलावा गैर जनपद के भी बदमाश अपने आप को सुरक्षित मानते हैं। इस वजह से लूट, हत्या और डकैती जैसी बड़ी वारदातें आम हैं। इस इलाके में जब भी वारदातें होती हैं, बड़हलगंज थाने से पुलिस जाती है। ऐसे में एक घंटे का समय लग जाता है।
शासन ने मधुपुर में चौकी को स्वीकृति भी दे दी है। चौकी बनाने की पहल वर्ष 2019 के सितंबर माह में तत्कालीन इंस्पेक्टर रामाज्ञा सिंह ने की थी। उन्होंने थाना क्षेत्र के दवनाडीह गांव निवासी गया यादव से चौकी की जमीन की मांग की। गया यादव ने चौराहे के पास अपनी जमीन चौकी के लिए दान दे दी।
गया यादव के पुत्र वीरेंद्र यादव और योगेंद्र यादव ने बताया कि उनके पिता ने अपनी जमीन में से तीन डिसमिल जमीन पुलिस को दान दिया है। अब वह इस दुनिया में नही हैं। उनकी मृत्यु 7 मई 2021 को हो गई। जीवित रहते उनका सपना पूरा नहीं हो सका। जबकि सबकी इच्छा थी कि यहां पुलिस चौकी बन जाएगी तो अपराध पर अंकुश लग जाएगा। प्रसपा के जिला अध्यक्ष श्याम नारायण यादव, यतींद्र त्रिपाठी, अवधेश कुमार का कहना है कि पुलिस चौकी होने से अपराधियों का मनोबल खुद ही गिर जाएगा।
वहीं धर्मराज उर्फ चुल्लु निषाद ,भारतभुषण शाही, रामसकल यादव का कहना है कि पुलिस चौकी नजदीक होगी तो पुलिस गश्त भी करेगी। ऐसी वारदातें नहीं होने पाएंगी।
जमीन के बारे में जानकारी अभी नहीं है। इसके बार पता कराते हैं। जल्द ही पुलिस चौकी स्वीकृत कराकर बनवाई जाएगी।-डॉ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी
विपक्षी नेता बोले...हो सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री के जिले में इस तरह अनुसूचित जाति पर अत्याचार होना दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पीड़ित परिवार को 50 लाख मुआवजा देना चाहिए। भाजपा के कार्यकाल में अपराध चरम पर है, यह घटना जीता-जागता प्रमाण है। -पीएल पुनिया, पूर्व अध्यक्ष, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति।
सपा पीड़ित परिवार के साथ
सपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रुधौली गांव में पीड़ित परिवार से मुलाकात की। पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया। ब्रजेश ने कहा कि भाजपा सरकार में अपराधियों का मनोबल काफी ऊंचा हो गया है। मुख्यमंत्री की बेलगाम पुलिस अपराधियों के सामने नतमस्तक है। ब्रजेश कुमार ने प्रशासन से सभी अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी व मृतक के परिवार को सुरक्षा व उचित मुआवजा देने की मांग की। परिजनों को ढांढस बंधाते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी, पीड़ित परिवार के साथ है। उन्होंने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
किसान हत्याकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
बड़हलगंज के रुधौली गांव में अश्लील गाना बजाने से मना करने पर हुए विवाद में किसान राजकिशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को बृहस्पतिवार की भोर में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद कर लिया है। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
उधर, गांव में शांति बनाए रखने के लिए एहतियातन बृहस्पतिवार को भी फोर्स तैनात रही। वहीं सपा प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना देते हुए पूरे प्रकरण में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान डवनाडीह निवासी सुनील यादव, जयहिंद यादव व सचिन यादव के रूप में हुई है। एसएसपी डाॅ. गौरव ग्रोवर व एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने पुलिस लाइंस में संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में पकड़े गए बदमाशों के बारे में जानकारी दी। एसएसपी ने बताया कि बुधवार की सुबह में अश्लील गाना बजाने के विरोध में शातिर बदमाशों ने फायरिंग की थी। बदमाशों की गोली से एक शख्स की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हो गए। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने बिहार से तमंचा खरीदा था। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगी है, जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी सुनील यादव पर 12 केस दर्ज हैं, इसमें हत्या, हत्या की कोशिश, गैंगस्टर, बलवा, एसएसी-एसटी जैसे मामले हैं।