गोरखपुर: 35 हजार से अधिक पर 264 करोड़ रुपये बकाया, अब रखा गया है वसूली का लक्ष्य
अधीक्षण अभियंता शहरी यूसी वर्मा ने बताया कि कुल बकाए का लक्ष्य अलग-अलग खंडों के अधिशासी अभियंताओं को दे दिया गया है। महीने की समाप्ति पर सभी को अपने लक्ष्य के सापेक्ष 100 प्रतिशत भुगतान जमा करवाना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजली निगम के 35 हजार से अधिक शहरी उपभोक्ताओं पर कुल 264 करोड़ रुपये का बकाया है। इनपर दस हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये से अधिक की देनदारी है।
अभियंताओं का कहना है कि होली त्योहार के पहले ही अधिक से अधिक बकाएदारों की बिजली काट दी जाए। इससे त्योहार में विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर उपभोक्ता अपने बकाए का भुगतान करने जरूर आएंगे। शहर के चारों विद्युत वितरण खंडों में बड़ी संख्या में बकाएदार हैं। शहर के इन खंडों में दस हजार रुपये के कुल 30,295 हजार उपभोक्ता हैं।
सबसे अधिक खंड प्रथम में कुल 12,530 उपभोक्ता हैं। इसके बाद खंड द्वितीय में 10,262 उपभोक्ता, तृतीय खंड में 3,294 उपभोक्ता और चतुर्थ खंड में 4,210 उपभोक्ता हैं। इन सभी पर कुल 100 करोड़ रुपये का बकाया है। लेकिन, इनमें गलत बिल, आरडीएफ, पीडी समेत अन्य बिल भी होंगे। इन्हें सुधार कर उपभोक्ताओं तक सही बिल पहुंचाए जाएंगे।
एक लाख रुपये से अधिक के कुल 5,545 हजार उपभोक्ता हैं। इन सभी पर कुल 164 करोड़ रुपये का बकाया है। अधीक्षण अभियंता शहरी यूसी वर्मा ने बताया कि कुल बकाए का लक्ष्य अलग-अलग खंडों के अधिशासी अभियंताओं को दे दिया गया है। महीने की समाप्ति पर सभी को अपने लक्ष्य के सापेक्ष 100 प्रतिशत भुगतान जमा करवाना है।
बताया कि इधर के दिनों में निगम के राजस्व में बिजली बिल बहुत कम जमा हो सका है। ऐसे में टीम अब प्रतिदिन अपने लक्ष्य के अनुसार बिजली कटौती करेगी।
तीन करोड़ रुपये सरकारी वसूलने का भी लक्ष्य
अधीक्षण अभियंता शहरी यूसी वर्मा ने बताया कि शहरी क्षेत्र में तीन करोड़ रुपये सरकारी विभागों से जमा करवाए जाने का लक्ष्य है। वैसे तो इनपर बकाया और भी है। मार्च के अंतिम से इनसे भी बिजली बिल जमा करवा लिया जाएगा। बताया कि जमा नहीं हो सका तो इन सभी की बिजली काट दी जाएगी।
टाउनहाल और मोहद्दीपुर में बकाए पर काटा कनेक्शन
बिजली निगम की टीम ने 40 से अधिक बकाएदारों के परिसर की बिजली गुल की। टाउनहाल और मोहद्दीपुर में अभियान चलाकर बिजली निगम की टीम ने बिजली के खंभे से घर तक जाने वाली लाइन काट दी। अधीक्षण अभियंता शहरी यूसी वर्मा ने बताया कि जिन बकाएदारों की बिजली काटी गई है अगर, उनके परिसर में वापस बिना बिजली बिल भुगतान किए बिजली का उपयोग पाया गया तो उनपर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि अभी समय है, अगर बकाएदार दो तीन किस्तों में भी अपना बकाया भुगतान कर देंगे तो उन्हें लाभ मिलेगा।