Weather Update : जम्मू-कश्मीर से लेकर उत्तराखंड तक पांच दिन आंधी-बारिश संभव, दिल्ली में सूरज दिखाएगा तेवर
जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 से 28 मार्च तक आंधी, तूफान और बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सोमवार से फिर मौसम के मिजाज में बदलाव आने वाला है। जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 से 28 मार्च तक आंधी, तूफान और बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान अरुणाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी हल्की से तेज बारिश हो सकती है। देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस से क्रमिक वृद्धि की संभावना है। 22 मार्च को देश में रायलसीमा के अनंतपुर में 40.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली में सूरज का ताप बढ़ने वाला है।
मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 24-28 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 26 मार्च को कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। 24-27 मार्च तक हिमाचल प्रदेश और 26 और 27 मार्च को उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें : Amroha News: बदलते मौसम से टायफाइड के मरीजों की संख्या बढ़ी, दस दिन में 20 में पुष्टि
यहां बढ़ेगा अधिकतम तापमान...मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है और उसके बाद कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। अगले 4-5 दिनों के दौरान मध्य भारत और आंतरिक महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। वहीं, अगले तीन दिन के दौरान गुजरात में पारा 2-3 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है और इसके बाद 2-3 डिग्री तक नीचे आ सकता है। 24 और 25 मार्च को गुजरात के तटीय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर लू भी चल सकती है।
यह भी पढ़ें : Varanasi News : मौसम ले रहा कर्वट रहे सावधान, दिन में तेज धूप और रात में 18 डिग्री तक गिरा पारा
इन राज्यों में हुई बारिश व बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तराखंड, झारखंड, ओडिशा, रायलसीमा, तेलंगाना और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। इस दौरान उत्तर प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, असम और मेघालय में कहीं तूफानी तो कहीं तेज हवाएं भी चलीं। केरल और ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश भी हुई है। अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से दो लोगों की गई जान
रविवार को छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई और चार घायल हुए हैं। यह घटना प्राचीन देवी मंदिर के पास हुई। 40-50 लोग मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। बारिश शुरू हुई तो उससे बचने के लिए उनमें से छह लोग एक पेड़ के नीचे छिप गए। अचानक पेड़ पर बिजली गिरी और उनमें से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि शेष चार घायल हो गए जिन्हें कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली में आज आसमान रहेगा साफ, सूरज दिखाएगा अपने तेवर
राजधानी में सोमवार सुबह आसमान साफ रहेगा। साथ ही, दिन के समय सूरज अपने तेवर दिखाएगा। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 व 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार से अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। ऐसे में गर्मी और सताएगी। साथ ही, तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ निचले से ऊपरी क्षोभमंडल स्तर पर एक गर्त के रूप में बना हुआ है, इसकी धुरी औसत समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर है।
इधर, रविवार को आसमान साफ रहा। इस दौरान सूरज की तपिश ने लोगों को गर्मी का अहसास कराया। सुबह से ही तेज धूप निकल गई थी। जहां सुबह व शाम को लोगों को ठंड का अहसास होता था। अब यह बिल्कुल हल्का हो गया है। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 34.3 डिग्री दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
रिज में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आया नगर में 34.0, लोधी रोड में 33.6 व पालम में 32.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। साथ ही, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम के साथ 15.0 डिग्री दर्ज किया गया। आया नगर में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पालम में 17.1, रिज व लोधी रोड में 14.8 डिग्री दर्ज हुआ।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.