{"_id":"6afe1bfe2fe6cb077a025733","slug":"up-elections-sp-unwilling-to-concede-even-70-seats-to-congress-2026-11-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी चुनाव: कांग्रेस को 70 सीटें भी नहीं देना चाहती सपा, पिछली बार जीती और नंबर दो सीटें भी नहीं छोड़ेगी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी चुनाव: कांग्रेस को 70 सीटें भी नहीं देना चाहती सपा, पिछली बार जीती और नंबर दो सीटें भी नहीं छोड़ेगी
Thu, 19 Nov 2026 03:13 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Thu, 19 Nov 2026 03:13 AM IST
सार
पिछली बार सपा और कांग्रेस अलग चुनाव लड़े थे। सपा ने 111 सीटें जीती थी जबकि 223 सीटों पर दूसरे नंबर पर थी।
विज्ञापन
राहुल और अखिलेश
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर भले ही कांग्रेस 181 सीटों और सम्मान की लड़ाई के बड़े दावे कर रही हो लेकिन समाजवादी पार्टी की ओर से साफ कर दिया गया है कि पार्टी पिछली बार जीती कोई सीट नहीं छोड़ेगी। साथ ही जिन सीटों पर पार्टी नंबर दो थी वे सीटें भी कांग्रेस को नहीं देगी। ऐसे में कांग्रेस के कोटे में सीटों की संख्या 70 से ऊपर जाती नहीं दिखती।
विज्ञापन
पिछली बार सपा और कांग्रेस अलग चुनाव लड़े थे। सपा ने 111 सीटें जीती थी जबकि 223 सीटों पर दूसरे नंबर पर थी। इसका मतलब हुआ कि 334 सीटों पर कोई मोलतोल नहीं होगा। 403 सदस्यीय विधानसभा में चुनाव लड़ने के लिए सिर्फ 69 सीटें बचती है। सपा ये 69 भी पूरी कांग्रेस को देने के मूड में नहीं है। सपा सूत्रों ने बताया कि भाजपा को हराने के लिए पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव विपक्ष को पूरी तरह एकजुट करना चाहते हैं।
विज्ञापन
इसलिए अपना दल कमेरावादी, महान दल, आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस को भी कुछ सीटें दी जाएंगी। इनमें से कुछ सीटें अखिलेश अपने कोटे से देंगे जबकि कुछ इन 69 सीटों में से ही बंटेगी। ऐसे में कांग्रेस को शायद 50 के आसपास सीटें मिल सकती हैं। पिछली बार कांग्रेस ने 399 सीटें लड़कर सिर्फ 2 जीती थीं। पार्टी का दावा है कि लोकसभा में उसका प्रदर्शन बेहतर रहा था और पिछले चुनाव के मुकाबले कांग्रेस व राहुल की लोकप्रियता भी बढ़ी है। ऐसे में कोई भी बंटवारा सिर्फ नंबरों के आधार पर नहीं हो सकता।
विज्ञापन
एकादशी के बाद वार्ता : अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर 2022 के विधानसभा चुनाव या 2024 के लोकसभा चुनाव के आधार पर हो, इन सब पर आपसी बातचीत में फैसला होगा। उन्होंने सीट बंटवारे पर कहा कि एकादशी के बाद सीट बंटवारे पर वार्ता होगी।
अमेठी-रायबरेली की सीटें चाहती है कांग्रेस
कांग्रेस के प्रभाव वाले अमेठी और रायबरेली में कुछ सीटों पर सपा विधायक हैं। यहां से कांग्रेस के सांसद हैं और पार्टी चाहती है कि गठबंधन धर्म निभाते हुए और कांग्रेस के सम्मान को देखते हुए इन सीटों को कांग्रेस को दे दिया जाए। दूसरी ओर सपा सांसद राजीव राय ने कहा, मुख्य ध्यान भाजपा हराने पर होना चाहिए। यदि गठबंधन नहीं जीता तो सम्मान कैसे बचेगा।
