{"_id":"6afe06752a03e5fd970b42db","slug":"delhi-air-quality-worsens-the-very-next-day-after-the-lifting-of-grap-3-2026-11-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"सांसों का संकट: ग्रेप-3 हटते ही दिल्ली की हवा खराब, छह केंद्रों पर एक्यूआई 300 पार; कई जगह प्रदूषण चिंताजनक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सांसों का संकट: ग्रेप-3 हटते ही दिल्ली की हवा खराब, छह केंद्रों पर एक्यूआई 300 पार; कई जगह प्रदूषण चिंताजनक
Thu, 19 Nov 2026 01:41 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Thu, 19 Nov 2026 01:41 AM IST
सार
विशेषज्ञों के मुताबिक, पीएम 2.5 का स्तर घटने के बावजूद ओजोन प्रदूषण बढ़ सकता है। ओजोन भी सांस और फेफड़ों को प्रभावित करता है।
विज्ञापन
demo pic
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दिल्ली में ग्रेप-3 की पाबंदियां हटने के अगले दिन बुधवार को भी वायु गुणवत्ता खराब बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 232 दर्ज किया गया। हालांकि, बहुत खराब श्रेणी वाले निगरानी केंद्रों की संख्या 41 से घटकर छह रह गई। इसके बावजूद कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है।
विज्ञापन
उत्तम नगर 379 एक्यूआई के साथ सबसे प्रदूषित केंद्र रहा। इसके अलावा बुराड़ी क्रॉसिंग में 317, चांदनी चौक में 301, दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) में 308, नरेला और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 307 एक्यूआई दर्ज किया गया। इन सभी केंद्रों पर प्रमुख प्रदूषक पीएम 2.5 रहा। वहीं, सबसे कम एक्यूआई कैंटोनमेंट क्षेत्र में 131 दर्ज हुआ। दिल्ली के अन्य कई केंद्रों पर एक्यूआई 201 से 300 के बीच रहा।
विज्ञापन
लोधी रोड पर पहली बार ओजोन बना प्रमुख प्रदूषक
इस सीजन में पहली बार दिल्ली के किसी निगरानी केंद्र पर ओजोन प्रमुख प्रदूषक के रूप में दर्ज हुआ। बुधवार को आईएमडी लोधी रोड केंद्र पर एक्यूआई 190 रहा, जहां पीएम 2.5 के बजाय ओजोन प्रमुख प्रदूषक था। आमतौर पर सर्दियों में दिल्ली में पीएम 2.5 का स्तर अधिक रहता है, जबकि ओजोन का निर्माण तेज धूप में नाइट्रोजन ऑक्साइड और अन्य गैसों के बीच रासायनिक प्रतिक्रिया से होता है।
विज्ञापन
विशेषज्ञों के मुताबिक, पीएम 2.5 का स्तर घटने के बावजूद ओजोन प्रदूषण बढ़ सकता है। ओजोन भी सांस और फेफड़ों को प्रभावित करता है। इसलिए केवल धूल और धुएं के कणों में कमी को हवा के पूरी तरह सुरक्षित होने का संकेत नहीं माना जा सकता।
स्कूलों में अब सभी कक्षाएं ऑफलाइन
वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने 17 नवंबर को ग्रेप-3 की पाबंदियां तत्काल प्रभाव से हटा दी थीं। इसके बाद दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को सभी कक्षाएं सामान्य रूप से परिसर में संचालित करने का निर्देश दिया है। अब प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को भी स्कूल जाकर पढ़ाई करनी होगी। ग्रेप-3 लागू रहने के दौरान पांचवीं कक्षा तक के बच्चों को स्कूल और ऑनलाइन पढ़ाई में से किसी एक विकल्प को चुनने की सुविधा थी। हालांकि, ग्रेप-3 हटने के बावजूद प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रेप-1 और ग्रेप-2 के तहत लागू उपाय जारी रहेंगे।
