गुलाबी ठंड ने दी दस्तक: दिल्ली से एनसीआर तक बदला मौसम, कई इलाकों में बारिश तो कहीं छाए बादल; गिरा पारा
दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में आज सुबह से ही मौसम बदला हुआ है। बादलों ने आसमान को घेर रखा है। पूर्वी दिल्ली और गाजियाबाद के कई इलाकों में बारिश हो रही है।
विस्तार
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आज सुबह से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। इस अचानक आए बदलाव के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में सुबह से ही रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश से बदला मौसम
पूर्वी दिल्ली के शाहदरा, आनंद विहार, आईपी एक्सटेंशन, गाजीपुर में हल्की बारिश हुई। वहीं गाजियाबाद के वैशाली, कौशांबी में भी हल्की बारिश दर्ज हुई। जिससे सड़कों पर नमी आ गई है। वहीं, नोएडा के आसमान में भी दिन भर बादल छाए रहे लेकिन वहां अभी तक तेज बारिश नहीं हुई है। सितंबर के महीने में ही लोगों को नवंबर जैसी ठंड का अनुभव हो रहा है, जो इस समय के लिए असामान्य है। मौसम में आई इस ठंडक ने लोगों को हल्की सिहरन का एहसास कराया है।
दिल्ली-एनसीआर में सितंबर के अंत तक आमतौर पर गर्मी का असर रहता है। ऐसे में आज सुबह से ही बादलों का छाना और बारिश होना एक बड़ा मौसमी बदलाव है। यह मौसम परिवर्तन गुलाबी ठंड की शुरुआती दस्तक माना जा रहा है। इस बदलाव ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है और मौसम को सुहावना बनाया है।
बारिश और तेज हवा से 3.7 डिग्री गिरा पारा, गुलाबी ठंड की दस्तक
पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ राजधानी में शनिवार को बारिश व तेज हवा का असर रविवार को भी देखने को मिला। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री कम कम 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 2001 के बाद सितंबर में यह दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान है।
रविवार शाम हुई हल्की बारिश से मौसम और सुहावना हो गया। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को दिल्ली में बारिश के तीन से चार दौर चले। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं। सफदरजंग में 4.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं।