दिल्ली-एनसीआर में देर रात हुई बारिश, कल भी हो सकती है बरसात
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार देर रात तेज बारिश हुई। हालांकि जोरदार छीेटे कुछ ही देर पड़े। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव हुआ है।
इससे पहले शाम को भी बूंदाबांदी हुई थी जिससे लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की। हालांकि बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से उतनी राहत नहीं मिली जिसकी उम्मीद जताई की जा रही थी। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
19-20 अप्रैल को बारिश के आसार
कुलदीप श्रीवास्तव ने जानकारी दी है कि 18 और 19 अप्रैल को दिल्ली और उससे सटे इलाके जैसे गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा। उसके बाद 19 अप्रैल की शाम से पश्चिमी विक्षोभ का असर एक बार फिर दिखाई देगा, जिसके चलते 19 की रात और 20 को दिन में बारिश होने की संभावना है।
आंधी और बारिश की चेतावनी से किसान परेशान
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तेज हवाओं और बरसात की संभावना जताईं है। आंधी और बारिश की संभावना ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रबूपुरा क्षेत्र के किसान परेशान हैं। किसानों का कहना है कि गेहूं की कटाई का दौर चल रहा है।
अगर बारिश और आंधी आती है तो किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फिर जाएगा। किसान सुरेंद्र सिंह, शौकिन खां, चंद्रपाल सिंह आदि का कहना है कि काफी मेहनत से फसल तैयार की है। अब जब मेहनत का फल लेने का समय है, अगर बारिश की मार पड़ती है, तो किसान बेहाल हो जाएगा।
यूपी में 40 के पार दस्तक देने लगा है पारा
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर, बिहार के गया नवादा, जमुई बांका और मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात तथा पश्चिम बंगाल के कई जिलों में पारे ने 40 डिग्री के पार दस्तक देनी चालू कर दी है। इन राज्यों में चिलचिलाती धूप के चलते दोपहर में झुलसने के आसार अभी से बनने लगे हैं।