साहिबाबाद: हिंडन एयरपोर्ट के पास टाउनशिप बसाने का रास्ता साफ, मार्च से होगा काम
हिंडन एयरपोर्ट के पास टाउनशिप बसाने का रास्ता साफ हो गया है। यह टाउनशिप अंजतापुरम योजना की 345 एकड़ जमीन पर बसेगी। अजंतापुरम प्रदेश में लैंड पूल पॉलिसी के तहत बसने वाली पहली योजना है। इस पॉलिसी के तहत किसानों की 90 एकड़ जमीन लेने के मामले में अब सिर्फ पांच फीसदी किसानों की सहमति बची है।
आविप को उम्मीद है कि किसान जल्द सहमति दे देंगे। अगले हफ्ते मुख्यालय में होने वाली बोर्ड बैठक में योजना पर काम शुरू करने की तारीख तय की जाएगी। मार्च से योजना में सड़क बनाने का काम शुरू हो जाएगा।
अंजतापुरम योजना की 345 एकड़ जमीन में से 230 एकड़ जमीन 12 सहकारी आवास समितियों की है। बाकी 115 एकड़ जमीन किसानों की है। आविप अधिकारियों का कहना है कि 115 एकड़ जमीन में 25 एकड़ जमीन विवादित है। बाकी 90 एकड़ जमीन लेने के लिए लैंड पूल पॉलिसी के तहत 70 फीसदी किसानों की सहमति लेना जरूरी है। अधिकारियों का दावा है कि 65 फीसदी किसानों ने नई पॉलिसी के तहत जमीन देने की सहमति दे दी है।
बाकी पांच फीसदी किसान उहापोह में हैं कि बढे़ मुआवजा को लेकर कोर्ट में चल रहे केस के फैसले का इंतजार करें या नई पॉलिसी को स्वीकार करें। बता दें कि इस पॉलिसी के तहत मुआवजे के बदले 25 फीसदी विकसित प्लॉट लेने का प्रावधान है। अभी करीब चार माह पहले ही यह पॉलिसी बनी है।
इन चार महीनों में आविप की टीम ने 90 एकड़ जमीन के करीब 85 किसान मालिकों को नई पॉलिसी के बारे में समझाने का काम किया। 10 दिन पहले तक 30 फीसदी किसान ही सहमत हो पाए थे, अब 65 फीसदी का दावा किया जा रहा है।
आविप अधिकारियों ने बताया कि 345 एकड़ की इस योजना का नक्शा टाउनशिप की तरह बनाया गया है। योजना में 12 सोसायटियां विकसित होंगी। 12 सहकारी आवास समितियां को यह आंतरिक इजाजत होगी कि वह अपनी जमीन पर बहुमंजिला बनाए या प्लॉट के रूप में विकसित करें।
समितियों से विकास शुल्क लेकर उनकी जमीन को योजना में समायोजित कर लिया जाएगा और उन्हें जनसुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। समितियों को आविप से नक्शा पास कराना होगा। वहीं, किसानों को भी विकसित प्लॉट पर दुकान या मकान बनाने के लिए नक्शा पास कराना होगा। नक्शे को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिसमें एक टाउनशिप में मिलने वाली तमाम सुविधाएं मसलन स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, खेल के मैदान आदि उपलब्ध होंगे।
समितियों को है बेसब्री से इंतजार
हिंडन एयरपोर्ट चालू हो जाने के बाद से 12 सहकारी आवास समितियां अपनी जमीन पर सोसायटियां बसाने का काम जल्द शुरू करना चाहती हैं लेकिन किसानों से आविप की डीलिंग होने के बाद ही यह काम शुरू होगा। आविप अधिकारियों ने बताया कि 65 फीसदी किसानों की सहमति मिल जाने की जानकारी समितियों को मिल चुकी है और वह उत्साहित हैं। एक समिति ने एयरपोर्ट के पास जमीन घेरने के लिए खंभा भी लगाना शुरू कर दिया है।
मार्च से शुरू हो जाएंगी सड़कें बननी
अगले हफ्ते आविप के मुख्यालय में बोर्ड बैठक होने वाली है। प्राथमिकता की इस पॉलिसी पर चर्चा होगी। योजना में काम शुरू करने के दिशानिर्देश दिए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि योजना में सबसे पहले रोड बनाने का काम किया जाएगा। मार्च में काम शुरू किए जाने की उम्मीद है। रोड के बाद पेयजल, सीवर, बिजली आदि की लाइन बिछाई जाएगी।
अंजतापुरम योजना में लैंड पूल पॉलिसी के तहत जमीन लेने के लिए 70 फीसदी किसानों की सहमति अनिवार्य है, जिसमें 65 फीसदी की सहमति मिल चुकी है। मार्च में योजना का काम शुरू करने की संभावना है। योजना की कुल 345 एकड़ जमीन पर पूरी टाउनशिप बसेगी।
- नरसिंह प्रसाद, अधीक्षण अभियंता, आविप