{"_id":"6493e8e6572c24f1450688d3","slug":"uproar-over-removal-of-railing-of-a-temple-in-mandawali-area-2023-06-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi: मंडावली इलाके में एक मंदिर की रेलिंग हटाने को लेकर भारी बवाल, स्थानीय लोगों और पुलिस में झड़प","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi: मंडावली इलाके में एक मंदिर की रेलिंग हटाने को लेकर भारी बवाल, स्थानीय लोगों और पुलिस में झड़प
Thu, 22 Jun 2023 11:54 AM IST
विजय पुंडीर
एएनआई, नई दिल्ली
एएनआई, नई दिल्ली
Published by: विजय पुंडीर
Updated Thu, 22 Jun 2023 11:54 AM IST
सार
पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में एक मंदिर की कथित अवैध रेलिंग हटाने को लेकर बवाल हो गया। प्रशासन द्वारा जब इस रेलिंग को हटाने की कोशिश की गई तो स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों ने किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में बृहस्पतिवार को मंदिर की रेलिंग हटाने के विवाद में लोगों ने जमकर हंगामा काटा। अफवाह थी कि अतिक्रमण दस्ता मंदिर को हटाने पहुंचा है। मौके पर पहुंचे लोगों ने विरोध जताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी। हालात गंभीर होता देख अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया गया। काफी देर तक चली जद्दोजहद के बाद पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर वापस लौटाया। तब कहीं जाकर रेलिंग हटाने की कार्रवाई पूरी हो सकी। उधर, दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि उपराज्यपाल के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन
पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में बने मंदिर की अतिक्रमण कर बनाई गई रेलिंग हटाने के लिए बृहस्पतिवार को पीडब्ल्यूडी की टीम मय फोर्स मौके पर पहुंची थी। इसकी सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। दरअसल अफवाह थी कि टीम मंदिर हटाने पहुंची है। कार्रवाई शुरू करने से पूर्व ही लोगों ने पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की कर नाराजगी दिखाना शुरू कर दिया। काफी देर चले हंगामे के बाद पुलिस ने सड़क को दोनों ओर से बंद कर दिया। इसकी वजह से मौके पर जाम की स्थिति बन गई। खबर मिलने के बाद जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वहां पहुंच गए। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
विज्ञापन
पुलिस ने साफ किया कि प्रशासन सिर्फ फुटपाथ पर लगी रेलिंग को तोड़ेगा। मंदिर को नहीं तोड़ा जा रहा है। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। बाद में पुलिस ने समझाकर लोगों को वहां से हटा दिया। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अमरुथा गुगुलोथ ने बताया कि मंदिर मामले में गलतफहमी की वजह से लोगों ने शोर-शराबा किया। न तो भीड़ ने कोई बवाल किया और न ही पुलिस की ओर से कोई एक्शन लिया गया। फिलहाल एहतियात के तौर पर मंदिर के पास पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
विज्ञापन
अल्ला कालोनी में है मंदिर, रेलिंग निकाली
मधु विहार थाना क्षेत्र के मंडावली स्थित अल्ला कालोनी में सड़क किनारे शनि मंदिर बना हुआ है। यहां मंदिर के आगे लोगों ने फुटपाथ पर रेलिंग लगा रखी थी। प्रशासन ने रेलिंग को अवैध करार देते हुए रेलिंग को हटाने का निर्णय लिया। इस संबंध में प्रशासन ने पुलिस बल मांगा था। इसके बाद टीम मय फोर्स कार्रवाई करने पहुंची थी।
आतिशी बोली, एलजी के आदेश पर हुई कार्रवाई
दूसरी ओर इस मामले में आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि मंदिर की रेलिंग हटवाने की कार्रवाई उपराज्यपाल वीके सक्सेना के आदेश पर की गई है। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल ने मंडावली के शनि मंदिर के अलावा 10 अन्य मंदिरों को तोड़ने का आदेश दिया है। वह लोगों की धार्मिक भावनाओं से खेल रहे है।