दो बीफ ट्रांसपोर्टरों को गाय का गोबर खाने पर किया मजबूर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुड़गांव में 10 जून को एक कार में 700 किलो गाय का मांस(बीफ) पकड़े जाने के मामले में एक नया खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि कार में बीफ ले जा रहे लोगों को पकड़ने वाले गऊ रक्षक दल के लोगों ने कार सवार दो लोगों को गाय का गोबर खिलाने की कोशिश के साथ ही गौ मूत्र पिलाने की भी कोशिश की थी। इस मामले में एक वीडियो भी सामने आ गया है।
गऊ रक्षक दल के तीन लोग जो इस मामले में गोली लगने से घायल भी हैं, ने यह बात मानी है कि उन्होंने कार सवार उन दो लोगों को इस शक में कि उनकी कार में गाय का मांस है उन्हें पंच गव्य(गाय का गोबर, मूत्र, दूध, दही और घी) जबरदस्ती खिलाने की कोशिश की थी।
गौ रक्षक दल के गुड़गांव शाखा के अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने यह कबूल किया कि उन्होंने 10 जून को रिजवान और मुख्तियार को गोबर खाने पर मजबूर किया था। धर्मेंद्र ने बताया कि उन्हें पता चला था कि एक कार में करीब 700 किलोग्राम बीफ मेवात से दिल्ली जा रहा है।
'गौ माता की जय और जय श्री राम कहने के लि भी मजबूर कर रहे थे'
धर्मेंद्र यादव ने बताया कि उन्हें उस कार को रोकने के लिए करीब 7 किलोमीटर तक उसका पीछा करना पड़ा, तब जाकर बदरपुर पर वो उस कार को रोक पाए। उन्हें नहीं पता कि इसका वीडियो किसने बनाया। धर्मेंद्र ने बताया कि, 'हमने उस कार से 700 किलो बीफ पकड़ा। इसके बाद हमने उन्हें सबक सिखाने के लिए पंचगव्य खिलाया ताकि उनका शुद्धिकरण हो जाए।'
वीडियो में कार रोकने के बाद का सीन है कि कैसे बीफ वाली कार ले जा रहे दो शख्स सड़क पर बैठे हैं और उनके सामने एक पैकेट में गाय का गोबर रखा है जिससे उनका गला धोने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान गौ रक्षक दल के कार्यकर्ताओं द्वारा 'जल्दी करो' और 'जल्दी गोबर खत्म करो' कहते सुना जा सकता है। इसके साथ ही गौ रक्षक दल के लोग उन्हें गौ माता की जय और जय श्री राम कहने के लि भी मजबूर कर रहे थे।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों कार सवारों को गोबर निगलने में कितनी मुश्किल हो रही थी जिसके लिए उन्हें बार-बार पानी दिया जा रहा था। बाद में उन्होंने दोनों बीफ ले जाने वालों को फरीदाबाद पुलिस के हवाले कर दिया।