दिवाली पर एनसीआर का सफर आसान बनाएगी मेट्रो, फरीदाबाद से बल्लभगढ़ तक जल्द होगा ट्रायल रन
एनसीआर में आसान सफर की डीएमआरसी की कवायद तेज हो गई है। फरीदाबाद से बल्लभगढ़ तक तैयार हो चुके मेट्रो ट्रैक पर ट्रायल रन का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। डीएमआरसी इस नए रूट से एनसीआर की अपनी मेट्रो सेवा को दिवाली पर जोड़ने की कोशिश में लगी है। वाईएमसीए से बल्लभगढ़ के राजा नाहर सिंह स्टेशन तक बनाए गए इस मेट्रो ट्रैक में करीब छह सौ करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
पिछले करीब एक माह से चल रहे ट्रायल रन के दौरान डीएमआरसी अधिकारी एस्कॉर्ट्स मुजेसर से राजा नाहर सिंह स्टेशन के बीच मेट्रो की सिग्नलिंग प्रणाली, ट्रैक, ओवरहेड इलेक्ट्रिक सिस्टम सहित स्पीड, ब्रेक, लोड आदि की टेस्टिंग कर रहे हैं। करीब 3.5 किलोमीटर लंबे इस स्ट्रेच पर दो मेट्रो स्टेशनों को संत सूरदास व राजा नाहर सिंह का नाम दिया गया है।
नए रूट पर सेवा शुरू होने के साथ ही बल्लभगढ़ के लोग मेट्रो के माध्यम से दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद से जुड़ जाएंगे। यानी इस दिवाली बल्लभगढ़ के लोगों का सफर दिल्ली-एनसीआर में आसान होने जा रहा है। इसके साथ ही ग्रुरुग्राम, फरीदाबाद और बहादुरगढ़ के बाद बल्लभगढ़ मेट्रो से जुड़ने वाला हरियाणा राज्य का चौथा शहर बन जाएगा।
कांग्रेस ने दी थी मंजूरी, भाजपा ने दिया बजट
6 सितंबर 2015 को दिल्ली-फरीदाबाद के बीच मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद से ही बल्लभगढ़ तक मेट्रो विस्तार के लिए काम तेजी से शुरू हो गया था। दरअसल, 2014 में ही तत्कालीन हुड्डा सरकार ने इस विस्तार को मंजूरी दी थी। इसके बाद सरकार बदल गई और मनोहर लाल हरियाणा के मुख्यमंत्री बने। 2015 में हरियाणा की भाजपा सरकार ने इस मेट्रो विस्तार के लिए 600 करोड़ का बजट जारी कर दिया।
इस दौरान डीएमआरसी के समक्ष काफी अड़चनें भी आईं और कई बार डेडलाइन मिस हुई, मगर अब उम्मीद है कि अक्तूबर अंत तक मेट्रो रेल सेफ्टी कमिश्नर से अनुमति मिलने के बाद बल्लभगढ़ तक मेट्रो दौड़ने लगेगी।
बल्लभगढ़ से सीधे पहुंचेंगे कश्मीरी गेट
डीएमआरसी ने वायलेट लाइन को कश्मीरी गेट तक शुरू कर दिया है। ऐसे में बल्लभगढ़ मेट्रो शुरू होने के बाद लोग कश्मीरी गेट तक का 46 किलोमीटर लंबा सफर बिना किसी परेशानी का पूरा कर सकेंगे। बल्लभगढ़ तक मेट्रो का विस्तार हो जाने से बल्लभगढ़ सीधे कश्मीरी गेट से जुड़ जाएगा। इससे बल्लभगढ़ क्षेत्र के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। संत सूरदास मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-4आर, 6, 8, सीही गांव, सेक्टर-3 के लोगों को मेट्रो का लाभ मिलेगा। वहीं, राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन से बल्लभगढ़ शहर, सेक्टर-2, आईएमटी, सेक्टर 55, 56, 24, 25 व एनआईटी एरिया के साथ, बल्लभगढ़ के आसपास बनी लगभग 51 कॉलोनियों के लोग मेट्रो स्टेशन का इस्तेमाल कर सकेंगे।
फरीदाबाद मेट्रो संबंधी कुछ बातें
- अभी 9 स्टेशन हैं - सराय ख्वाजा, एनएचपीसी चौक, मेवला महाराजपुर, सेक्टर-27ए, बड़खल, ओल्ड फरीदाबाद, अजरौंदा चौक, बाटा चौक और एस्कॉर्ट मुजेसर (वाईएमसीए)
- बल्लभगढ़ तक मेट्रो विस्तार के बाद इसमें दो नए स्टेशन संत सूरदास और राजा नाहर सिंह भी जुड़ जाएंगे। ऐसे में फरीदाबाद में मेट्रो स्टेशनों की कुल संख्या ग्यारह हो जाएगी।
- बदरपुर से वाईएमसीए तक 13.875 किलोमीटर है मेट्रो लाइन। इस पर 2494 करोड़ की लागत आई थी।
- वाईएमसीए से राजा नाहर सिंह स्टेशन के बीच होगा 3.5 किलोमीटर लंबा रूट। करीब 600 करोड़ खर्च हुए हैं।
हिमांग्शु शर्मा, प्रवक्ता, डीएमआरसी ने बताया कि, दिवाली से पहले बल्लभगढ़ रूट पर मेट्रो चलाने की योजना है। इसके लिए मेट्रो का ट्रायल रन चल रहा है। इसमें पटरी, सिग्नल, विद्युत आदि सभी कोण की बारीकी से जांच की जा रही है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह तक ट्रायल रन का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके पश्चात मेट्रो रेल सेफ्टी कमिश्नर उसका निरीक्षण करके अपनी रिपोर्ट देंगे।