26 जनवरी को दिल्ली हो सकती है बड़े हमले का शिकार, राजधानी में घुसे तीन आतंकवादी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में आतंकवाद की ट्रेनिंग ले चुके तीन आतंकी छिपे हुए हैं। ये आतंकी गणतंत्र दिवस पर बड़ा आतंकी हमला कर सकते हैं। देश के खुफिया विभाग ने कॉल को इंटरसेप्ट कर दिल्ली पुलिस को ये इनपुट्स दिए हैं।
दिल्ली पुलिस ने जामा मस्जिद समेत पूरी दिल्ली-6 में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को जांच को जिम्मा सौंपा गया है। हालांकि स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये इनपुट्स पुराने हैं।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, देश के खुफिया विभाग ने एक कॉल को इंटरसेप्ट किया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस व पड़ोसी राज्यों की पुलिस को आतंकी हमले के इनपुट्स दिए हैं।
इनपुट्स में कहा गया है कि दिल्ली के जामा मजिस्द इलाके में तीन आतंकवादी छिपे हैं। तीन आतंकी 26 जनवरी के मौके पर बड़ा आतंकी हमला कर सकते हैं। ये इसकी तैयारी कर रहे हैं। तीनों संदिग्ध पश्तो भाषा में बातचीत करते हैं। ये आतंकी अफगान मूल के हैं।
इन आतंकियों को यहां से मिल रहे संदेश
इनपुट्स में कहा गया है कि जम्मू कश्मीर के पुलवामा से तीनों संदिग्धों को निर्देश मिल रहे हैं। ये लगातार जम्मू कश्मीर में अपने आकाओं के संपर्क में हैं। ये आतंकी पाकिस्तान स्थित आतंकी कैंप में ट्रेनिंग ले चुके हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन इनपुट्स पर स्पेशल सिक्योरिटी मीटिंग में भी विचार-विमर्श किया गया था। स्पेशल सेल की टीम अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर जामा मस्जिद इलाके में तलाशी अभियान चला रही है।
दिल्ली में जगह-जगह पिकेट लगाकर चेकिंग शुरू कर दी गई है। किरायेदारों के वेरीफिकेशन का काम तेज कर दिया गया है। हालांकि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुशवाहा का कहना है कि आतंकी हमले के इनपुट्स पुराने हैं। इसके बाद तो जांच भी हो चुकी है।