दोस्त ने मांगा अपना चश्मा वापस तो चाकू से ताबड़तोड़ वार कर की हत्या
कापसहेड़ा इलाके में चश्मा वापस मांगने पर एक युवक ने अपने दोस्त की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच तीन दिन पहले भी किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त रूपक (19) और आरोपी की पहचान लोकेश (27) के रूप में हुई है।
रूपक सपरिवार यादव चौपाल इलाके में रहता था। वह एक एनजीओ में काम करता था। रविवार दोपहर में वह आलम नाम के नाई की दुकान पर बाल कटवाने गया। रूपक ने अपना चश्मा उतारकर सामने रख दिया।
तीन दिन पहले भी दोनों के बीच हुआ था झगड़ा
कुछ देर बाद नाई की दुकान में कापसहेड़ा निवासी लोकेश पहुंचा। लोकेश, रूपक का दोस्त था। लोकेश ने रूपक का चश्मा पहन लिया। रूपक ने उसे चश्मा वापस करने के लिए कहा, लेकिन लोकेश उसकी बात को अनसुना कर दुकान से बाहर निकल गया।
इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। दोनों दुकान के बाहर झगड़ा करने लगे। इसी दौरान लोकेश ने जेब से चाकू निकालकर रूपक पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया।
पेट और छाती पर कई वार होने से रूपक अचेत होकर नीचे गिर गया। लोकेश अपने सहयोगी अनुराग की बाइक पर बैठकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने रूपक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
कापसहेड़ा थाना पुलिस ने नाई के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि दो-तीन दिन पहले भी रूपक और लोकेश के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। तभी से दोनों के बीच तनाव था।