अमेरिकी युवती ने वाट्सएप से दी थी रेप की जानकारी
दुष्कर्म पीड़िता अमेरिकी शोधकर्ता ने दुष्कर्म के फौरन बाद अपने एक दोस्त को एसएमएस कर सारी आपबीती बताई थी। इसी दोस्त ने पीड़िता को आरोपी फिल्म सह-निर्देशक मेहमूद फारुकी से मिलवाया था।
यह बयान बृहस्पतिवार को फारुकी के खिलाफ विचाराधीन मामले में पीड़िता ने दिया। साकेत जिला अदालत में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश संजीव जैन के समक्ष बंद कोर्ट रूम में अपना बयान दर्ज कराते हुए पूरा घटनाक्रम बताया।
पीड़िता ने कहा कि हादसे के बाद अपने दोस्त को वाट्सएप के जरिये सारी घटना की जानकारी दी थी।
22 सितंबर को होगा पूरा बयान दर्ज
पीड़िता का पूरा बयान दर्ज करने के लिये कोर्ट ने 22 सितंबर की तारीख तय की है। इस दिन संभवत: बचाव पक्ष पीड़िता से जिरह शुरू कर सकता है।
उस दिन पीड़िता के दोस्त का भी बयान दर्ज हो सकता है। फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) ने कोर्ट को बताया कि मामले से संबंधित रिपोर्ट 22 सितंबर तक तैयार हो जाएगी।
रिपोर्ट तैयार होने के साथ ही दोस्त की गवाही से भी मामले में नया मोड़ आ सकता है।