प्रेम त्रिकोण में नाबालिग बना हत्यारा, अब खुली पूरी दास्तां
छह महीने पहले पानीपत के हॉस्टल में हुए झगड़े का बदला लेने के लिए एक नाबालिग ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक को अगवा कर लिया।
बाद में उसकी डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त दीपक (18) के रूप में हुई।
प्रशांत विहार थाना पुलिस ने अपहरण कर हत्या के आरोप में नाबालिग को दबोच लिया है। पुलिस उसके बाकी साथियों की तलाश कर रही है।
दीपक की प्रेमिका से बातें करता था आरोपी
पुलिस के मुताबिक दीपक अपने परिवार के साथ नरेला में रहता था। दीपक ने इसी साल पानीपत के एक स्कूल से 12वीं कक्षा पास की है। दीपक वहीं हॉस्टल में रहता था।
दिल्ली के माजरी गांव निवासी आरोपी नाबालिग भी उसी स्कूल में पढ़ता था। आरोप है कि करीब छह माह पूर्व दीपक ने आरोपी की बेइज्जती कर उसकी पिटाई कर दी।
बात दरअसल ऐसी थी कि आरोपी युवक दीपक की गर्लफ्रेंड से फोन पर बातें करता था जो दीपक को मंजूर नहीं था। इसी वजह से दीपक ने अपनी गर्लफ्रेंड को भी आरोपी से बात करने के लिए मना किया था यहां तक कि डांटा भी था कि वो उसका फोन ना उठाया करे।
आरोपी ने अपनी दोस्त से करवाया था दीपक को फोन
पुलिस के अनुसार उसी मार का बदला लेने के लिए उसने षड़यंत्र रचा। आरोपी ने अपनी दोस्त से दीपक को फोन करवाकर रोहिणी के सिटी सेंटर मॉल बुलाया।
दीपक का अपनी गर्लफ्रेंड से भी उसी समय से झगड़ा चल रहा था। नाबालिग की दोस्त ने दीपक और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच सुलह कराने की बात कर उसका बर्थडे मनाने के लिए कहा।
दीपक अपने दो दोस्तों सागर और अजय को साथ लेकर दोपहर करीब 12.00 बजे मॉल पहुंचा।
आरोपी ने मॉल के पास से किया दीपक को अगवा
मॉल के पास पहुंचने पर नाबालिग ने दो कारों में सवार करीब दर्जन भर साथियों के साथ मिलकर दीपक व अजय को अगवा कर लिया।
रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास जाकर आरोपियों ने अजय को कार से उतार दिया। अजय व सागर ने परिजनों को सारी सूचना दी। परिवार पुलिस की मदद से दीपक की तलाश कर रहे थे।
इस बीच कंझावला पुलिस को इलाके से दोपहर 3:30 बजे दीपक का शव बरामद हो गया। उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस नाबालिग के साथियों की तलाश कर रही है।