एयरपोर्ट पर पांच बार दिखी संदिग्ध वस्तु
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर संदिग्ध वस्तु के देखे जाने के बाद से हाई अलर्ट कर दिया गया है। सूत्रों की मानें तो यह संदिग्ध वस्तु एक बार नहीं बल्कि पांच बार दिखी है।
लेकिन सुरक्षा एजेंसी इस संदिग्ध वस्तु का पता नहीं लगा पाई है। दिल्ली पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं संदिग्ध वस्तु का पता लगाने के लिए सीआईएसएफ और एयरफोर्स भी जांच में शामिल हो गई है।
एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के रडार से भी संदिग्ध वस्तु अदृश्य रही। दिल्ली पुलिस का कोई भी अधिकारी अभी इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहा है।
गत मंगलवार को एटीसी के कर्मचारी ने एयरपोर्ट पर ड्रोन जैसी कुछ वस्तु को उड़ते हुए देखा था। लेकिन कर्मचारी के पास न तो उसका फोटो है और न ही कोई सबूत।
सुरक्षा एजेंसियों को किया गया अलर्ट
हालांकि कर्मचारी की शिकायत पर अधिकारियों ने इस मसले को गंभीरता से लिया है। सूत्र बता रहे हैं कि बुधवार को भी एयरपोर्ट पर ऐसी ही संदिग्ध वस्तु दिखी थी।
यहां तक की एक पायलट ने भी इसी तरह की संदिग्ध वस्तु देखने का दावा किया। उसके बाद एयरपोर्ट थाना पुलिस को इसकी शिकायत की गई। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) ने शुक्रवार को भी संदिग्ध वस्तु को तीन बार देखे जाने की बात कही है।
लेकिन संदिग्ध वस्तु एयरपोर्ट की बाउंड्री से बाहर दिखी थी। उस वस्तु का पता लगाने के लिए एयरफोर्स का एक हेलीकॉप्टर ने एक उड़ान भरी थी। लेकिन उन्हें कुछ दिखाई नहीं दिया। छानबीन कर रहे अधिकारी इस बात से अचंभित हैं कि रडार पर संदिग्ध वस्तु नहीं आया है।
वहीं पहले से अलर्ट एयरपोर्ट पर सुरक्षा को और भी चौकस कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों की एक बैठक हुई है जिसमें एयरपोर्ट की सुरक्षा की समीक्षा की गई है। एयरपोर्ट की सुरक्षा में लगे सीआईएसएफ को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।