सर्वे: जानिए दिल्ली में अभी चुनाव हों तो किसकी होगी जीत!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
14 फरवरी को जहां वेलेंटाइन डे है तो वहीं आम आदमी पार्टी के लिए भी ये दिन बेहद अहम है। इस दिन केजरीवाल सरकार दिल्ली में अपने शासन का एक साल पूरा करने जा रही है।
केजरीवाल सरकार का एक साल पूरा होने पर जहां विशेषज्ञ उनके शासन की गुणवत्ता को मापने का काम कर रहे हैं। तो वहीं दूसरी ओर एबीपी नील्सन के सर्वे ने भी ये परखने की कोशिश की कि एक साल के बाद दिल्ली के लोग केजरीवाल सरकार के बारे में क्या सोचते हैं।
इस सर्वे में ये भी जानने की कोशिश की गई है कि दिल्ली में अगर इस वक्त चुनाव होते तो जीत आखिर किसकी होती। साथ ही सर्वे कंपनी ने दिल्ली की जनता से ये भी पूछा कि आज उऩका सबसे पसंदीदा नेता कौन है।
केजरीवाल लोगों के दिलों पर अब भी राज कर रहे हैं
वेलेंटाइन डे अपनों के दिलों को जीतने का दिन है तो वहीं केजरीवाल सरकार भी दिल्ली का दिल जीतने में कामयाब रही हैं। केजरीवाल लोगों के दिलों पर अब भी राज कर रहे हैं।
एबीपी नील्सन सर्वे की माने तो अगर अभी चुनाव कराए जाते हैं तो सीटों में मामले में केजरीवाल सरकार के लिए ये वक्त सोचने का है। हालांकि सर्वे के आंकड़ों में वो अब भी बहुमत से ज्यादा पर हैं।
लेकिन पिछले चुनावों के मुकाबले उनके लिए बड़ा नुकसान है। वहीं बीजेपी के लिए खुशखबरी ये है कि सीटों की संख्या के मामले में बीजेपी के लिए खासी बढ़ोत्तरी का अनुमान सर्वे में लगाया गया है।
लोगों की नजर में कैसा है केजरीवाल का काम?
सर्वे में ये भी सामने आया है कि अभी यदि चुनाव होते हैं तो आप और बीजेपी दोनों को कितनी-कितनी सीटें मिलेंगी। मुस्लिम और गरीब तबका सर्वे में एक बार फिर केजरीवाल का मजबूत समर्थक दिखाई दिया है।
लोगों ने रेटिंग के मामले में केजरीवाल सरकार को औसत से बेहतर बताया है। सबसे खास बात ये है कि जो लोग बीजेपी और कांग्रेस के समर्थक हैं वो भी केजरीवाल के मैनेजमेंट कोटा हटाने के साथ हैं।
उन्हें केजरीवाल का प्रदूषण को कम करने का ऑड-इवन फॉर्मूला भी रास आ रहा है। हालांकि पूर्वी दिल्ली के मामले में केजरीवाल के समर्थकों की संख्या कम है, क्योंकि ये क्षेत्र बीजेपी का मजबूत गढ़ है।
कौन दे सकता है केजरीवाल को टक्कर
एबीबी न्यूज-नीलसन के सर्वे में 82 फीसदी लोग ऑड-इवन के समर्थन में आए तो वहीं 78 फीसदी तो यहां तक कह रहे हैं कि इससे प्रदूषण भी कम होगा।
53 फीसदी लोग केजरीवाल के पीएम मोदी को कायर बोलने वाले बयान पर कहते हैं कि इससे केजरीवाल की छवि पर नकारात्मक असर नहीं पड़ा है।
हालांकि केजरीवाल को टक्कर देने वाले नेता के बारे में जब दिल्ली की जनता से पूछा गया तो लोगों ने कहा कि डॉ हर्षवर्धन केजरीवाल को टक्कर दे सकते हैं।
अभी चुनाव हुए तो किसको कितनी मिलेंगी सीटें
जब दिल्ली की जनता से सवाल किया गया कि यदि अभी दिल्ली में चुनाव कराए जाएं तो जीत किसकी होगी किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी तो सर्वे में पता चला कि आम आदमी पार्टी को सीटों के मामले में नुकसान तो होगा, लेकिन जीत आप की ही होगी।
सर्वे में केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को 48 सीटें बीजेपी को सीटों के मामले में भारी बढ़त लेकिन सीटों का आंकड़ा 22 दिखाया गया है। वहीं कांग्रेस के लिए ये सोचने का समय है क्योंकि सर्वे में ये सामने आया है कि इस वक्त चुनाव होने पर भी कांग्रेस को कोई भी सीट नहीं मिलेगी। यानि की शून्य।
हालांकि सबसे लोकप्रिय नेता पीएम नरेंद्र मोदी 50 फीसदी लोगों के साथ नंबर एक पर हैं तो वहीं दूसरी ओर केजरीवाल 39 फीसदी लोगों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वहीं 7 फीसदी लोगों की पसंद राहुल गांधी हैं।