Sukesh Chandrashekhar: जेल में जालसाज सुकेश चंद्रशेखर के मददगार 82 जेलकर्मियों पर मामला दर्ज, रुपये लेकर देते थे सुविधाएं
आर्थिक अपराध शाखा ने जेल में जालसाज सुकेश चंद्रशेखर के मददगार 82 जेलकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शाखा जेल में सुविधा देने के मामले की जांच कर रही है।पुलिस का दावा है कि सुकेश तिहाड़ जेल के अधिकारियों व कर्मचारियों को मोटी रकम देता था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दो सौ करोड़ रुपये की ठगी में तिहाड़ जेल में बंद जालसाज सुकेश चंद्रशेखर को सुविधाएं मुहैया कराने के आरोप में तिहाड़ जेल के 82 कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आर्थिक अपराध शाखा जेल में सुविधा मुहैया करवाने के मामले की जांच कर रही है। जेल कर्मियों की संलिप्तता सामने आने के बाद शाखा ने मामला दर्ज कर लिया है। तिहाड़ जेल में रहने के दौरान सुकेश चंद्रशेखर को सारी सुविधा मुहैया करवाई जाती थीं। उसके पास फोन भी उपलब्ध था, जिससे वह लोगों से ठगी को अंजाम देता था। जेल में सुकेश को दी जा रही सुविधा को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने जांच के आदेश दिए थे। उसके बाद आर्थिक अपराध शाखा मामले की जांच कर रही थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बाहर के लोगों से संपर्क के लिए जेल कर्मियों और अधिकारियों ने उसे फोन उपलब्ध करवाए थे। साथ ही रोहिणी जेल में उसे कई अन्य तरह की सुविधाएं दी गईं। इसके एवज में सुकेश चंद्रशेखर ने तिहाड़ जेल के अधिकारियों व कर्मचारियों को करीब डेढ़ करोड़ रुपये दिए थे। शाखा ने अपनी जांच में पाया कि तिहाड़ जेल में कार्यरत 82 अधिकारियों व कर्मचारियों ने सुकेश चंद्रशेखर की मदद की थी।
शाखा ने ऐसे कर्मचारी और अधिकारियों की एक सूची तैयार की और इसके बारे में तिहाड़ जेल प्रशासन को सूचित किया। इस बात की जानकारी मिलने के बाद जेल कर्मियों ने जेल मुख्यालय पहुंचकर हंगामा किया था। जेल महानिदेशक ने जेल कर्मियों को आश्वत किया कि संलिप्तता पाए जाने के बाद ही उन पर कार्रवाई की जाएगी। अब शाखा की टीम ने 82 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इस मामले में सुकेश को किया गया था गिरफ्तार
फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रवर्तक शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह को ठगने के आरोपी सुकेश चंद्रशेखर को रोहिणी की जेल से गिरफ्तार किया गया था। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी मदद करने वाले सात जेल कर्मियों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान इन सातों कर्मियों की तैनाती रोहिणी जेल में थी।