RSS विचारक प्रो. राकेश सिन्हा से नोएडा पुलिस ने की बदसलूकी, थाना प्रभारी निलंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आरएसएस विचारक और भारत नीति प्रतिष्ठान (आईपीएफ) के मानद निदेशक प्रोफेसर राकेश सिन्हा के साथ नोएडा पुलिस के बदसलूकी करने का मामला सामने आया है। प्रो. राकेश सिन्हा ने ट्विटर के जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसकी शिकायत की है।
नोएडा पुलिस का कहना है कि उसे किसी संदिग्ध की सूचना मिली थी। गलतफहमी में प्रो. राकेश सिन्हा को रोका गया था। उनके परिचय देने पर तत्काल छोड़ दिया गया था। एसएसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने आरोपी सेक्टर-20 थाना प्रभारी अनिल शाही को निलंबित कर दिया है।
प्रोफेसर राकेश सिन्हा ने ट्वीट में बताया कि सोमवार को फिल्मसिटी स्थित एक राष्ट्रीय समाचार चैनल के बाहर से थाना सेक्टर-20 प्रभारी अनिल शाही ने उन्हें जबरन हिरासत में ले लिया। उन्हें गाड़ी में बैठाकर ले जाया गया। इस दौरान थाना प्रभारी का व्यवहार अशोभनीय और धमकी भरा था।
भीड़ जुटने पर पुलिस ने लगभग 500 मीटर जाने के बाद उन्हें छोड़ा
भीड़ जुटने पर पुलिस ने लगभग 500 मीटर जाने के बाद उन्हें छोड़ा। प्रो. राकेश सिन्हा का यह ट्वीट मंगलवार को ट्रेंड करने लगा। मंगलवार रात नौ बजे तक 4029 लोग ट्वीट को लाइक कर चुके थे। 1584 लोगों ने इसे रीट्वीट किया।
प्रो. राकेश सिन्हा आरएसएस के संस्थापक डॉ. हेडगेवार की बायोग्राफी लिख चुके हैं। इसके अलावा, समाचार चैनलों में परिचर्चा के दौरान वे आरएसएस का पक्ष रखते हैं। इस संबंध में थाना सेक्टर-20 के निलंबित थानेदार अनिल शाही का कहना है कि उन्हें लाल स्विफ्ट डिजायर कार में एक अपराधी के आने की सूचना मिली थी।
फिल्मसिटी के पास तैनात दो सिपाहियों ने प्रो. राकेश सिन्हा की गाड़ी को गलतफहमी में रोक लिया था। सूचना पाकर वह भी मौके पर पहुंचे। उनके परिचय देने पर तुरंत छोड़ दिया गया था। उन्होंने इसके लिए प्रो. राकेश सिन्हा से खेद भी व्यक्त किया था।