जन्माष्टमी 2019: दो हजार किलो स्वदेशी फूलों से महकेगा राधा-कृष्ण का बंगला, तैयारियां जोरों पर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस बार शहर में जन्माष्टमी पर अनोखा नजारा देखने को मिलेगा। सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर में करीब दो हजार किलो फूलों से राधा-कृष्ण का बंगला तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य मंदिरों में नंदलाल के स्वागत में हजारों किलों फूल मंगाए गए हैं। ये फूल भारत के अलग-अलग हिस्सों से मंगाए जाएंगे। सबसे ज्यादा फूल वृंदावन से मंगाए गए हैं। कई भक्तों ने मंदिरों में आकर फूलों की माला तैयार करना शुरू भी कर दिया है।
ये भी पढ़ें- मेरठ में बनेगा भव्य इस्कॉन मंदिर, 2023 तक हो जाएगा तैयार
इस्कॉन मंदिर से जुड़े बुद्घिमंता दास ने बताया कि 800 किलो फूलों से मंदिर को सजाया जा रहा है। यहां स्वदेशी फूलों का ही प्रयोग किया जा रहा है। इस बार विदेश से फूलों को नहीं मंगाया गया है। दक्षिण भारत समेत हर राज्य से फूल मंगाए गए हैं। वहीं, भक्त भी अपने साथ फूल लेकर आएंगे। नंदलाल के स्वागत की खास तैयारी की गई है।
वहीं, सनातन धर्म मंदिर से जुड़े संजय बाली ने बताया कि मंदिर को सजाने के लिए 12 क्विंटल फूल मंगाए गए हैं। इसमें सभी के तरह के फूल होंगे। अधिकतर फूलों को वृंदावन से मंगाया गया है। मंदिर में बनाया जा रहा है बंगला ही करीब 2 हजार किलो फूलों से बनेगा। इस बार जन्माष्टमी पर पूरा शहर फूलों की खुशबू से महकेगा।
विदेशी नहीं स्वदेशी पर जोर
इससे पहले इस्कॉन मंदिर में थाइलैंड समेत अन्य देशों से फूल मंगाए जाते थे, लेकिन इस बार सिर्फ स्वदेशी फूलों से ही बाल गोपाल के स्वागत की तैयारी है। मंदिर प्रबंधक का कहना है कि भारत के हर हिस्से से फूल मंगाए गए हैं। इन्हीं फूलों से नंदलाल के पालने, बंगले और मंदिर को सजाया जाएगा। इसके साथ ही तीन रंगों की झालरों से मंदिर की अलग ही छटा नजर आएगी। ये नजारा लोगों का ध्यान खींच रहा है।
जन्माष्टमी पर प्रमुख मंदिरों में ये है नया
- इस्कॉन मंदिर में 51 तरह के केक बनाए जा रहे हैं। साथ ही 51 तरह की पेस्ट्री और मफीन्स का भोग भी लगाया जाएगा।
- सनातन धर्म मंदिर में वृंदावन के फूलों और वहीं के कलाकारों द्वारा राधा-कृष्ण के लिए बंगला तैयार किया जा रहा है।
- लक्ष्मी नारायण मंदिर में गीता भवन बनाया गया है। यहां पर इलेक्ट्रॉनिक झांकियां लगी हैं। इसके माध्यम से भगवान कृष्ण के जीवन को दिखाया जाएगा। वहीं, वैष्णो माता की गुफा भी भक्तों के लिए खोली जाएगी।
स्कूल में बाल गोपालों ने किया रैंप पर वॉक
भंगेल स्थिति विद्या मंदिर में जन्माष्टमी को दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में नर्सरी के बच्चों ने नंदलाल की पोशाक पहन रैंप पर वॉक किया। इसके बाद बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वैष्णवी ने मधुवन में कृष्णा किसी गोपी से मिले गाने पर शानदार प्रस्तुति दी। रंगारंग कार्यक्रम के बाद हाउस वाइज हांडी प्रतियोगिता हुई। जिसमें व्यास हाउस ने सबसे कम समय में हांडी फोड़कर प्रतियोगिता जीती। प्रिंसिपल उमेश सेंगर ने विजेता टीम को शील्ड प्रदान की।