किराड़ी अग्निकांड: 'अग्निकांड में बची सौम्या कर सकती है साजिश का खुलासा'
दिल्ली स्थित किराड़ी के इंदिरा एंक्लेव स्थित इमारत में लगी आग में मृत किरायेदार उदयकांत के परिवार वालों ने कहा है कि अग्निकांड में बची दस वर्षीय सौम्या साजिश का खुलासा कर सकती है। वह अपनी चाची के साथ इस घटना में बाल-बाल बची है। आग से बचाने के बाद वह बेहोश हो गई थी और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृतक उदयकांत के साले कृष्णा ने आरोप लगाया कि मकान मालिक की पत्नी पूजा ने घर में आग लगाकर सभी की हत्या की है। इस घटना में मृत संजू झा की दस वर्षीय बेटी सौम्या अपनी चाची के साथ सुरक्षित बाहर निकली थी। वह घटना के समय चाची के साथ थी, इसलिए वह साजिश से पर्दा उठा सकती है।
कृष्णा ने कहा कि पुलिस को जांच के दौरान सौम्या से पूछताछ करनी चाहिए। सौम्या ने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी है। पैसों के विवाद को लेकर पूजा अक्सर झगड़ा करती रहती थी और धमकी भी देती थी, लेकिन लोग उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते थे।
लोगों को अपना घर सील होने का डर
जिस इमारत में आग लगी थी, उसके आसपास के मकान मालिकों को अपना घर सील होने का डर सता रहा है। जिन मकान मालिकों ने अपने घर के भूतल पर गोदाम या दुकान बनी रखी है, वह सतर्क हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के बाद से विभाग के कर्मचारी भी सक्रिय हो गए हैं। कर्मचारी इलाके में घूमकर उन घरों को चिह्नित कर रहे हैं, जिसमें गोदाम या फिर दुकान है।