{"_id":"3b32fe997b4b44840a098a6f39e25cb1","slug":"robbery-in-a-factory-making-spout-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"टोंटी बनाने वाली फैक्ट्री में डकैती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
टोंटी बनाने वाली फैक्ट्री में डकैती
अमर उजाला, साहिबाबाद
Updated Mon, 07 Dec 2015 08:41 PM IST
विज्ञापन
लिंकरोड साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र स्थित पीतल की टोंटी बनाने वाली एक फैक्ट्री में हथियारबंद 12 बदमाशों ने रविवार रात डकैती डाली।
विज्ञापन
डकैतों ने फैक्ट्री के गार्ड, कर्मचारियों को उनके परिवार सहित नौ लोगों को बंधक बनाकर वारदात की। 11 साल की लड़की की गर्दन पर तलवार रखकर धमकी दी।
बदमाश मिनी ट्रक में करीब आठ लाख रुपये की पीतल की टोंटियां भरकर ले गए। पुलिस ने फैक्ट्री के मैनेजर समेत तीन कर्मचारियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, नोएडा सेक्टर-31 निवासी संजय गुप्ता की औद्योगिक साइट-4 में एमएस गुरू कृपा इंडस्ट्रीज के नाम से पीतल की टोंटियां बनाने की फैक्ट्री है।
विज्ञापन
दो कर्मचारियों के परिवार और कुछ कर्मचारी फैक्ट्री में ही सोते हैं। रविवार रात करीब दो बजे फैक्ट्री गेट के ऊपर लगी जाली काटकर 10-12 हथियारबंद बदमाश फैक्ट्री के अंदर घुस आए।
विज्ञापन
बदमाशों ने पहले भट्टी के पास सो रहे कर्मचारी टिंकू, राजेश और रामफल को तमंचे के बल पर काबू में किया, फिर उनके हाथ पैर रस्सी से बांध दिए।
इसके बाद ऊपर एक कमरे में सो रहे कर्मचारी अरुण शर्मा निवासी मैनपुरी, उसकी पत्नी अनीता और साले कुलदीप को बंधक बनाया।
अरुण की बेटी दिव्या की गर्दन पर तलवार रखकर बदमाशों ने दूसरे कमरे में सो रहे रितेश और उनकी मां से दरवाजा खुलवाया और उन्हें भी रस्सियों से बांध दिया।
बदमाशों ने धमकी दी कि अगर शोर मचाया तो गोली मार देंगे। इसके बाद बदमाशों ने फैक्ट्री में रखे करीब साढ़े चार टन पीतल की टोंटियां मिनी ट्रक में भरकर ले गए।
एसपी सिटी अजयपाल और एएसपी आशीष श्रीवास्तव ने घटनास्थल की जांच की। एसपी सिटी न बताया कि डकैती में किसी जानकार का हाथ लग रहा है। कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
कोड वर्ड में बात कर रहे थे
अरुण शर्मा ने बताया कि बदमाश कोड वर्ड में बात कर रहे थे। उनकी भाषा दक्षिण भारतीय भाषा की तरह लग रही थी।
उन्होंने आते ही सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन छीनकर उनकी बैटरी आदि निकालकर बंद कर दिया और वहीं छोड़ गए।
बदमाशों ने दिव्या के हाथ नहीं बांधे। बाद में दिव्या ने सबको खोला, जिसके बाद कर्मचारियों ने कॉल कर फैक्ट्री मालिक और पुलिस को मामले की सूचना दी।
विरोध किया तो रामफल को पीटा
बदमाशों के अंदर घुसते ही रामफल ने उनका विरोध किया। इस दौरान दो बदमाशों ने उसकी जमकर पिटाई की। साथ ही सभी को धमकी दी कि अगर विरोध किया तो गोली मार देंगे।
बदमाश तमंचे, तलवार और चाकुओं से लैस थे। उनकी संख्या 10-12 बताई जा रही है। सभी की उम्र 25-35 साल के बीच थी।
फैक्ट्री में नहीं लगे थी सीसी कैमरे
एसपी सिटी ने बताया कि फैक्ट्री में सीसी कैमरे नहीं लगे थे। जिससे अभी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। मैनेजर और दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।