फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   priyanka gandhi statement over unnao rape cae

साल भर परिवार को प्रताड़ित किया, भाजपा से जुडे़ होने के नाते बचाए जा रहे आरोपी: प्रियंका

Sun, 08 Dec 2019 02:52 AM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ/नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ/नई दिल्ली Published by: संजीव कुमार झा Updated Sun, 08 Dec 2019 02:52 AM IST
विज्ञापन
priyanka gandhi statement over unnao rape cae
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा - फोटो : amar ujala

उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की मौत के बाद उत्तर प्रदेश में सियासी भूचाल आ गया है। सपा, बसपा और कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने योगी सरकार पर एकसुर से हमला बोल दिया है। शनिवार सुबह सपा प्रमुख अखिलेश यादव यूपी विधानसभा के सामने धरने पर बैठ गए और दो मिनट का मौन रखा।

विज्ञापन


वहीं, लखनऊ दौरे पर आईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अचानक कार्यक्रम बदलकर उन्नाव पहुंच गईं, यहां उन्होंने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की। उधर, बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की है।
विज्ञापन


उन्नाव पहुंचीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को पीड़िता के परिवार से बंद कमरे में मुलाकात के बाद उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को जमकर आडे़ हाथों लिया। उन्होंने कहा, यूपी में अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। परिवार ने आपबीती सुनाई।
विज्ञापन
विज्ञापन


उनके साथ बहुत बुरा सुलूक हुआ। पूरे परिवार को एक साल तक प्रताड़ित किया गया। आरोपियों ने लड़की के पिता को घर में घुसकर बुरी तरह पीटा। पीड़िता के परिवार की महिलाओं को धमकाया गया। इस पर योगी सरकार की जवाबदेही तो बनती है। प्रशासन को बताना पड़ेगा कि ऐसा क्यों हो रहा है। छोटी सी बच्ची को धमकाया है कि तुम्हारा स्कूल से नाम कटवा देंगे। जून में उनकी खेती जला दी गई है। इस तरह से परिवार को परेशान किया जा रहा है।

आरोपी गांव के प्रधान का बेटा है। कहा जा रहा है कि इनका परिवार भाजपा से जुड़ा है। हो सकता है कि इनकी रक्षा हो रही है, पहले भी ऐसा होता रहा है। अपराधी बचाए जाते रहे हैं। इसको राजनीतिक मामला न बनाते हुए प्रशासन और शासन को ध्यान देना होगा कि ऐसा क्यों हो रहा है।

जो अपराधी है उसको कोई भय नहीं है, वह लगातार घर आकर धमकी दे रहा है। मुलाकात के दौरान पीड़िता के घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहा। प्रियंका के साथ यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लललू और वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी व अनु टंडन भी मौजूद रहे।

हमारी नाकामयाबी कि हम पीड़िता को न्याय नहीं दे पाए: प्रियंका

पीड़िता की मौत के बाद प्रियंका ने ट्वीट किया, मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उन्नाव पीड़िता के परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत दे। यह हम सबकी नाकामयाबी है कि हम उसे न्याय नहीं दे पाए। सामाजिक तौर पर हम सब दोषी हैं लेकिन ये उत्तर प्रदेश में खोखली हो चुकी कानून व्यवस्था को भी दिखाता है।

उन्नाव की पिछली घटना को ध्यान में रखते हुए सरकार को तत्काल पीड़िता को सुरक्षा क्यों नहीं दी गई? जिस अधिकारी ने उसका एफआईआर दर्ज करने से इनकार किया उस पर क्या कार्रवाई हुई? यूपी में रोज-रोज महिलाओं पर जो अत्याचार हो रहा है, उसको रोकने के लिए सरकार क्या कर रही है ?

धरने पर बैठे अखिलेश बोले, योगी सरकार दे इस्तीफा

इस बीच, पीड़िता की मौत के बाद सपा प्रमुख व पूर्व सीएम अखिलेश यादव यूपी विधानसभा के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा, पीड़िता की मौत की जिम्मेदार योगी सरकार है। भाजपा राज में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ा है। सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं।

इसी विधानसभा में मुख्यमंत्री ने कहा था कि अपराधियों को ठोक दिया जाएगा। यह उनकी भाषा थी लेकिन एक बेटी की जान नहीं बचा सके। जब तक उत्तर प्रदेश के सीएम, गृह सचिव और डीजीपी इस्तीफा नहीं देंगे, न्याय नहीं होगा। उन्नाव रेप केस को लेकर कल सभी जिलों में पार्टी की ओर से शोकसभा आयोजित की जाएंगी।

आरोेपी भाजपा से जुड़े लोग हैं इसलिए न्याय नहीं मिला। आज के युग में इस तरह की घटनाएं होंगी क्या, किसी को जिंदा जला दिया जाएगा। उन्नाव की घटना बेहद दुखद है इस घटना की जितनी भी निंदा की जाए कम है। यह एक काला दिन है। वह मरना नहीं चाहती थी, लेकिन वह जिंदा नहीं बच पाई।

इस तरह की घटना इस भाजपा सरकार में पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी उन्नाव की बेटी ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह करने की कोशिश की थी, तब जाकर उसकी एफआईआर दर्ज हुई। बाराबंकी की बेटी ने भी इसी मुख्यमंत्री आवास के बाहर आग लगाई थी। वह बच नहीं पाई। एक ने पूरा परिवार खो दिया, जिस बेटी की जान आज गई उसकी दोषी भाजपा सरकार है।

विधानसभा के समक्ष प्रदर्शन, कांग्रेसियों पर लाठीचार्ज

कांग्रेस और सपा नेताओं ने लखनऊ में विधानसभा के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज शुरू कर दिया। यूपी पुलिस के इस रवैये पर कांग्रेस खेमे ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के बाद वहां अफरातफरी मच गई।

कांग्रेस कार्यकर्ता खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। यूपी कांग्रेस प्रमुख अजय कुमार लल्लू ने कहा, योगी सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह अपराधियों के साथ है या रेप पीड़ितों के साथ। पीड़ित परिवारवालों को यदि वक्त रहते न्याय मिला होता तो इस तरह की वारदातें न होतीं।

भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं, राज्य सरकारें पैदा करें कानून का खौफ: मायावती

बसपा प्रमुख मायावती ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की है। मायावती ने कहा, यूपी की कानून व्यवस्था खराब है। जंगलराज चल रहा है। उन्होंने राज्यपाल से कहा, आप एक महिला भी हैं और गवर्नर भी हैं। आप संवैधानिक दायित्व का निर्वहन करें और यूपी सरकार पर सख्ती दिखाएं।

मुख्यमंत्री और पुलिस के मुखिया को बुलाकर देखें कि महिलाओं के खिलाफ लगातार क्यों हो रहे हैं? मायावती ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने एक मांगपत्र भी राज्यपाल को सौंपा है। इससे पहले मायावती ने कहा, पिछले कई वर्षों और खासकर वर्तमान भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।

उत्तर प्रदेश में एक भी दिन ऐसा नहीं जाता है जब किसी महिला के खिलाफ अपराध न हो। अगर राज्य सरकार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है तो ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लगेगी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में स्वत: संज्ञान लेने की अपील भी की।

बाद में मायावती ने ट्वीट किया, यूपी सरकार पीड़ित परिवार को समुचित न्याय दिलाने जल्द ही विशेष पहल करे। यही इंसाफ का तकाजा और जनता की मांग है। इस किस्म की दर्दनाक घटनाओं को यूपी सहित पूरे देशभर में रोकने के लिए राज्य सरकारों को चाहिए कि वे लोगों में कानून का खौफ पैदा करें। केंद्र भी ऐसी घटनाओं के मद्देनजर दोषियों को निर्धारित समय के भीतर ही फांसी की सख्त सजा दिलाने का कानून जरूर बनाए।

भारत दुनिया का रेप कैपिटल, पीएम ने साधी चुप्पी: राहुल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र केरल के वायनाड में एक कार्यक्रम में रेप और हत्या के आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर केस में पीएम की चुप्पी पर सवाल करते हुए कहा, भारत दुनिया के रेप कैपिटल के रूप में जाना जाता है।

दूसरे देश पूछ रहे हैं कि क्यों भारत अपनी बहन-बेटियों की सुरक्षा नहीं कर पा रहा है। एक भाजपा विधायक महिला के रेप में शामिल है, लेकिन पीएम इस पर एक शब्द भी नहीं बोलते हैं। उन्होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि संस्थागत संरचनाएं के फेल होने और लोगों द्वारा कानून को हाथ में लेने की वजह यह है कि जो शख्स इस वक्त देश चला रहा है वह हिंसा में यकीन रखता है।

केंद्र की भाजपा सरकार के राज में देश में हिंसा, अधर्म और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़ गया है। किसी न किसी महिला से रेप या छेड़खानी की खबर रोज आती है। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि अल्पसंख्यकों, दलितों को पीटा जा रहा है। आदिवासियों की जमीनें छीनी जा रही हैं।

वहीं, राहुल ने ट्वीट कर कहा, उन्नाव की मासूम बेटी की दुखद एवं हृदय विदारक मौत, मानवता को शर्मसार करने वाली घटना से आक्रोशित एवं स्तब्ध हूं। एक और बेटी ने न्याय और सुरक्षा के आस में दम तोड़ दिया। दु:ख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के प्रति मै अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।

ममता बोलीं, बर्बरता की हद पार हो गई

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, दुखद... बर्बरता की कोई सीमा ही नहीं रह गई है...उन्नाव कांड में।
 

मालीवाल बोलीं, एक माह में फांसी पर लटकाएं जाएं आरोपी

इस बीच, दुष्कर्म पीड़िताओं के लिए त्वरित न्याय की मांग को लेकर राजघाट स्थित समता स्थल पर अनशन पर बैठीं दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने केंद्र और यूपी सरकार से मांग की है कि एक माह में ही आरोपियों को फांसी पर लटकाया जाए।

मैं अपील करना चाहती हूं कि जो पुलिस हमारे नेताओं की, उनके परिवारों की, वीवीआईपी की सुरक्षा में व्यस्त है, उसे देश की बेटियों की सुरक्षा में लगाई जानी चाहिए। तभी उन्हें समझ में आएगा कि असुरक्षित होना क्या होता है।
 

योगी बोले, फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताते हुए कहा है कि यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। बालिका की मौत अत्यंत दुखद है। सीएम योगी ने परिवार के प्रति भी संवेदना व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि सभी अपराधी पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मुकदमे को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाकर कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

कांग्रेस बोली, यूपी देश की दुष्कर्म राजधानी बना

वहीं, कांग्रेस ने उन्नाव मामले के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, उन्नाव मामला बताता है कि यूपी सरकार में कानून-व्यवस्था नाम की चीज पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। हम इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं। यूपी सरकार इस हकीकत को जान ले कि यूपी अब देश में दुष्कर्म की राजधानी बन चुका है।
 

गंभीर बोले, हम एक राष्ट्र के रूप में विफल हो गए

भाजपा सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने पीड़िता की मौत पर दुख जताते हुए कहा, मुझे शर्म आती है, मैंने हमेशा एक भारतीय के रूप में अपने आप पर गर्व महसूस किया है लेकिन आज हम लड़की को बचाने में सक्षम नहीं थे। हम सभी को भारतीय के रूप में यह जिम्मेदारी लेनी चाहिए, हम फिर से विफल रहे, हम एक राष्ट्र के रूप में विफल रहे। हमें दुष्कर्म जैसे मुद्दों का राजनीतिकरण कभी नहीं करना चाहिए।

केजरीवाल बोले, हत्यारों को सूली पर चढ़ाने की न्यायिक प्रक्रिया पूरी करे यूपी सरकार

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, उन्नाव की बेटी की दुखद मौत हर भारतीय को शर्मिंदा करती है। ईश्वर पीड़िता के परिवार को हौसला दे। पूरा देश इस लड़ाई में उनके साथ है। मैं उम्मीद करता हूं उत्तर प्रदेश सरकार हमारी बेटी के हत्यारों को सूली पर चढ़ाने की न्यायिक प्रक्रिया जल्द पूरी करेगी और समाज के लिए उदाहरण बनाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed