मंडोली जेल में संदिग्ध हालात में कैदी की मौत, परिजनों ने लगाया ये आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंडोली जेल में एक कैदी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। वहीं, परिवार वालों ने जेल प्रशासन पर जहरीला पदार्थ खिलाकर उसे मारने का आरोप लगाया है। मृतक की शिनाख्त कल्याणपुरी निवासी शिवा(24) के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डॉक्टरों के पैनल से शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। मामले की जांच एसडीएम कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, शिवा परिजनों के साथ कल्याणपुरी इलाके में रहता था। परिवार में मां पुष्पा, तीन भाई और दो बहनें हैं। मां कोठियों में काम करती है। दो साल पहले पिता की मौत हो गई थी। गत 16 अगस्त को शिवा के खिलाफ कल्याणपुरी थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
शिवा आत्महत्या नहीं कर सकता
भाई सोनू ने बताया कि तबीयत खराब होने पर शिवा को सोमवार को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इसकी जानकारी परिवार वालों को नहीं दी गई। उसकी बहन की सहेली अपने किसी रिश्तेदार को जीटीबी अस्पताल में देखने गई थी, जहां शिवा को देखकर उसने परिजनों को जानकारी दी।
इस सूचना पर परिवार वाले अस्पताल पहुंचे। इस दौरान शिवा ठीक था और वह सबसे बातचीत कर रहा था। परिवार वालों का आरोप है कि बृहस्पतिवार को उससे कुछ पुलिसकर्मी मिलने आए थे। उसके कुछ देर बाद शिवा की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिवा ने कोई जहरीला पदार्थ पीकर खुदकुशी की है। वहीं, परिवार वालों का कहना है कि शिवा आत्महत्या नहीं कर सकता, उसकी हत्या की गई है।
जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर का कहना है कि परिवार वालों के आरोपों की जांच करवाई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।