मोदी के स्वागत का ये इंतजाम देख दंग रह जाएंगे आप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में हुए ज्यादातर एग्जिट पोल में एनडीए के पक्ष में आने के बाद भाजपाइयों ने इसे ही अंतिम रिजल्ट मानकर जश्न की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
पिछले एक दशक तक सत्ता से दूर रही भाजपा अब पूरे जोश में दिखाई पड़ रही है। अब उसे लगने लगा है कि भाजपा के लिए अच्छे दिन आने वाले हैं और उनकी सरकार बनकर रहेगी। लिहाजा अभी से ही जश्न की तैयारी शुरू हो गई है।
दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए भी बड़ी-बड़ी योजनाएं बन रही हैं। बुधवार को प्रदेश पदाधिकारियों की एक बैठक भी हुई, जिसमें एयरपोर्ट से अशोक रोड स्थित भाजपा मुख्यालय तक भव्य स्वागत की तैयारियों पर चर्चा की गई।
17 मई को एयरपोर्ट से अशोक रोड तक होगा रोड शो
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्षवर्धन के नेतृत्व में अशोक रोड स्थित पार्टी मुख्यालय पर हुई बैठक में नरेंद्र मोदी के स्वागत की रूप-रेखा तैयार की गई। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 मई को एयरपोर्ट से रोड शो निकलेगा जो धौला कुआं होते हुए नार्थ-साउथ ब्लॉक, ग्यारह मूर्ति मार्ग, इंडिया गेट से अशोक रोड स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचेगा।
इस दौरान फूल-माला से स्वागत, आतिशबाजी और मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की जाएगी। इस पूरे जश्न में कोई कमी न आए इसके लिए पार्टी ने पहले से ही मिठाईयों, आतिशबाजी और फूल आदि का इंतजाम कर रखा है। पूरे रोड शो के दौरान ढोल नगाड़े बजते रहेंगे और फूलों की वर्षा होगी।
भाजपा मोदी के इस रोड शो को बहुत भव्य बनाना चाहती है और किसी भी किस्म की कमी नहीं रख रही है। पार्टी मुख्यालय को भी 16 तारीख के लिए विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है जहां बड़ी सी स्क्रीन पर पार्टी कार्यकर्ता चुनाव के रिजल्ट पर नजर रखेंगे।
बनारस से अधिक भीड़ जुटाना चाहती है दिल्ली भाजपा
17 मई को मोदी के संभावित रोड शो को भव्य बनाने के लिए भाजपा की योजना है कि कम से कम 40-50 हजार या उससे अधिक की भीड़ जुटे।
दरअसल, दिल्ली भाजपा भी यह साबित करना चाहती है कि बनारस में नामांकन के वक्त जिस तरह से भीड़ मोदी के समर्थन में उमड़ी थी उससे कहीं ज्यादा जीत कर दिल्ली पहुंचने वाले मोदी के लिए भीड़ उमड़े।
जश्न की तैयारी के लिए आयोजित बैठक में प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा, रमेश बिधूड़ी, जगदीश मुखी, विजेंद्र गुप्ता, आशीष सूद, जयप्रकाश जेपी, अनिल झा, गौरव खारी, आतिफ रशीद समेत कई नेता उपस्थित थे।
कोऊ नृप होए हमें का हानि
जहां नेता एक ओर अपनी जीत की खुशी मनाने का इंतजाम कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर समाज का एक तबका ऐसा भी है जिसे किसी की जीत या हार से कोई लेना-देना नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि इनके लिए कोई भी जीते या हारे इनकी दुकान तो चमकेगी ही। फूल वाले, ढोल-ताशे वाले या फिर मिठाइवाले सभी के लिए राजनीति का जोरदार शोर-शराबा जबर्दस्त फायदे का सौदा साबित हो रहा है।
ये कहते भी हैं कि कोई राजा बने या रंक हमें तो अपनी दुकानदारी से मतलब है। ये हाल केवल दिल्ली नहीं बल्कि पूरे एनसीआर का है। क्विंटल में लड्डू, फूल-मालाएं और ढोल-ताशे तैयार हैं। कोई भी प्रत्याशी जीते, विजय जुलूस तो निकलेगा। इंतजार बस नतीजों का है। जानकारों की मानें तो यहां के ज्यादातर हलवाइयों के पास अगले दो दिन तक वक्त नहीं है।
भाजपा, कांग्रेस और इनेलो के प्रत्याशियों तथा उनके समर्थकों की ओर से लड्डू बनवाए जा रहे हैं। फरीदाबाद के निगम पार्षद ओम प्रकाश रक्षवाल ने तो अपने प्रत्याशी के समर्थन में अपने गांव सेहतपुर में लड्डू बंटवाने के लिए करीब ढाई मन का ऑर्डर दिया है। वहीं एक दूसरे पार्षद ने करीब दो क्विंटल लड्डू बनाने की तैयारी की है। साथ ही खीर भी बनवाने का कार्यक्रम है।