Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Even an expensive air purifier does not guarantee complete protection against pollution

Delhi NCR News: महंगा एयर प्यूरीफायर भी प्रदूषण से पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sat, 21 Nov 2026 07:34 PM IST
विज्ञापन
हेपा फिल्टर पीएम 2.5 को रोकने में कारगर, लेकिन जहरीली गैसों पर सीमित असर; खरीदने से पहले कमरे के आकार के हिसाब से जांचें मशीन की क्षमता
विज्ञापन



ज्योति सिंह
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर बढ़ते ही घरों के भीतर साफ हवा पाने की चिंता भी बढ़ गई है। दिवाली के बाद एयर प्यूरीफायर की मांग में तेजी आई है। ऑनलाइन बाजार में कई मॉडल की उपलब्धता कम होने लगी है। करीब तीन हजार से 88 हजार रुपये तक की कीमत वाले इन उपकरणों को लेकर लोगों में उम्मीद है कि महंगी मशीन उन्हें प्रदूषण से सुरक्षित रखेगी। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि कीमत ज्यादा होने का मतलब पूरी सुरक्षा नहीं है। एयर प्यूरीफायर घर के भीतर हवा में मौजूद कुछ प्रदूषकों को कम जरूर कर सकते हैं, लेकिन हर तरह के प्रदूषण को खत्म नहीं कर सकते।
विज्ञापन

फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक और वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहन कृष्णन के मुताबिक, गंभीर प्रदूषण के दौरान सही हेपा फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर घर के भीतर पीएम 2.5 जैसे बारीक कणों का स्तर घटाने में मददगार हो सकता है। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा, सीओपीडी तथा हृदय रोग से पीड़ित लोगों के लिए इसका इस्तेमाल विशेष रूप से उपयोगी है। हालांकि, इसे बचाव का एक उपाय मानना चाहिए, प्रदूषण का स्थायी समाधान नहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन

हर फिल्टर का काम अलग, गैसों पर हेपा बेअसर
एयर प्यूरीफायर कमरे की हवा खींचकर फिल्टर से गुजारता है और साफ हवा वापस छोड़ता है। इसमें लगा प्री-फिल्टर धूल, बाल और रेशे जैसे बड़े कण रोकता है, जबकि हेपा फिल्टर पीएम 2.5 जैसे बेहद बारीक कणों को पकड़ता है। ये कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं।
हालांकि, हेपा फिल्टर नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड और ओजोन जैसी गैसों को नहीं रोकता। इनके लिए सक्रिय कार्बन फिल्टर की जरूरत होती है, जो कुछ गैसों, गंध और घरेलू उत्पादों से निकलने वाले रसायनों को कम कर सकता है। यानी केवल हेपा फिल्टर देखकर मशीन खरीदना पर्याप्त नहीं है।

बाहर एक्यूआई 400 हो, तब भी घर में मिल सकती है राहत
बाहर एक्यूआई 400 के पार होने पर भी सही क्षमता वाला प्यूरीफायर घर के भीतर बारीक प्रदूषक कणों की मात्रा घटा सकता है। इसका असर कमरे के आकार, मशीन की क्षमता और फिल्टर की स्थिति पर निर्भर करता है। दरवाजे-खिड़कियां लगातार खुली रहने से प्रदूषित हवा अंदर आती रहेगी और मशीन के लिए हवा साफ रखना मुश्किल होगा।
-विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदूषण बढ़ने पर दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें। प्यूरीफायर ऐसी जगह लगाएं, जहां लोग सबसे अधिक समय बिताते हैं और हवा के आवागमन में रुकावट न हो। जरूरत के अनुसार इसे लगातार चलाना अधिक उपयोगी हो सकता है। हालांकि, घर से बाहर निकलने पर प्रदूषित हवा का सामना करना पड़ सकता है।
खरीदने से पहले सीएडीआर और फिल्टर की गुणवत्ता जांचें
मशीन खरीदते समय उसकी स्वच्छ हवा देने की क्षमता यानी सीएडीआर (क्लीन एयर डिलीवरी रेट) जरूर देखें। यह बताता है कि उपकरण प्रति मिनट कितनी साफ हवा दे सकता है। कमरे का क्षेत्रफल और छत की ऊंचाई बढ़ने के साथ अधिक क्षमता वाले प्यूरीफायर की जरूरत होती है। फिल्टर को निर्धारित समय पर बदलना भी जरूरी है।

-डॉ. कृष्णन के अनुसार, हेपा फिल्टर की गुणवत्ता, कमरे के अनुरूप सीएडीआर और मशीन की क्षमता पर ध्यान देना चाहिए। आयनाइजर और प्लाज्मा तकनीक वाले कुछ उपकरण ओजोन पैदा कर सकते हैं, जो सांस की नली में जलन और परेशानी बढ़ाती है। इसलिए ओजोन उत्सर्जित करने वाले उपकरणों से बचना चाहिए।
शोध में पीएम 2.5 में 11 से 82 फीसदी तक कमी
एयर प्यूरीफायर की उपयोगिता पर हुए अध्ययनों में सकारात्मक नतीजे मिले हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन की समीक्षा में 23 शोधों के आधार पर पाया गया कि पोर्टेबल एयर प्यूरीफायर घर के भीतर पीएम 2.5 का स्तर 40 से 82 फीसदी तक घटा सकते हैं। वर्ष 2021 की समीक्षा के 20 नियंत्रित परीक्षणों में 11 से 82 फीसदी तक कमी दर्ज की गई। वहीं, 2024 में प्रकाशित 148 मैदानी अध्ययनों की समीक्षा में पीएम 2.5 में औसतन 49 फीसदी और पीएम 10 में 44 फीसदी कमी मिली। हालांकि, गैसीय प्रदूषकों पर इनका असर सीमित रहा।

घर के भीतर भी प्रदूषण के कई स्रोत
रसोई का धुआं: खाना पकाने से सूक्ष्म कण और गैसें निकलती हैं। उचित निकास नहीं होने पर नाइट्रोजन डाइऑक्साइड बढ़ सकती है।
अगरबत्ती और मच्छर भगाने वाली कॉइल: जलने से बारीक कण और अन्य प्रदूषक हवा में फैलते हैं।
मोमबत्ती और धूम्रपान: पीएम 2.5 समेत कई प्रदूषक पैदा होते हैं।
सफाई और घरेलू गतिविधियां: झाड़ू लगाने और धूल साफ करने से कण हवा में फैलते हैं।
नया फर्नीचर और पेंट: इनसे फॉर्मेल्डिहाइड जैसे रसायन निकल सकते हैं।

कमरे के आकार के अनुसार न्यूनतम सीएडीआर
---
कमरे का क्षेत्रफल न्यूनतम सीएडीआर
100 वर्ग फुट 65 घन फुट प्रति मिनट
200 वर्ग फुट 130 घन फुट प्रति मिनट
300 वर्ग फुट 195 घन फुट प्रति मिनट
400 वर्ग फुट 260 घन फुट प्रति मिनट
500 वर्ग फुट 325 घन फुट प्रति मिनट
600 वर्ग फुट 390 घन फुट प्रति मिनट
(अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी के अनुसार, आठ फुट ऊंची छत वाले कमरे के लिए अनुमानित न्यूनतम सीएडीआर इस प्रकार होना चाहिए)।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article