पितृ विसर्जनी अमावस्या आज, ऐसे करें अनुष्ठान, यहां हाईवे पर मिल सकता है जाम
पितृ विसर्जनी अमावस्या मंगलवार यानि आज है। पितरों के तर्पण और पिंडदान के लिए ब्रजघाट पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। ऐसे में हाईवे पर जाम लगने की पूरी आशंका है। लिहाजा, बेहद जरूरी होने पर ही हाईवे से निकलें। हालांकि स्थानीय प्रशासन ने जाम से निजात और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए हैं।
पिछले 16 दिनों से चल रहा पितरों का श्राद्ध कर्म मंगलवार को पितृ विसर्जनी अमावस्या के दिन संपन्न हो जाएगा। इसको लेकर ब्रजघाट तीर्थनगरी में पितरों का तर्पण और पिंडदान करने वाले बाहरी प्रांतों के भक्तों का आगमन सोमवार से ही शुरू हो गया। इससे तीर्थनगरी में चहल पहल और बाजारों की रंगत बढ़ गई। वहीं धर्मशाला, आश्रम और मंदिर परिसरों में ठहराव का स्थान हासिल करने के लिए लोगों को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
ऐसे करें अनुष्ठान
पंचायती मंदिर के पुजारी पंडित सुरेंद्र प्रकाश शर्मा और भद्रकाली मंदिर के पुजारी पंडित रमाशंकर तिवारी ने बताया कि, जिन दिवंगतों की मृत्यु की तिथि का पता नहीं चल पाता है, उनका श्राद्ध भी पितृ विसर्जनी अमावस्या के दिन किया जाता है। इसलिए अमावस्या के दिन गंगा में डुबकी लगाने वालों के साथ ही ऐसे दिवंगतों का श्राद्ध करने वालों की भारी भीड़ उमड़ेगी। उन्होंने बताया कि पितृ विसर्जनी अमावस्या के दिन ब्राह्मणों को भोजन जिमाने और दान देने से पितरों की आत्मा तृप्त हो जाती है और वह अपने वंशजों को वंश वृद्धि के साथ ही धन-धान्य और खुशहाली का आशीर्वाद देकर अगले एक वर्ष के लिए पितृलोक में लौट जाते हैं।
मोक्षदायिनी पतित पावनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद जलधारा में खड़े होकर दिवंगत पितरों का पिंडदान और तर्पण करना बेहद शुभ माना जाता है। इससे पितृ सर्वाधिक प्रसन्न होते हैं। उन्होंने बताया कि श्राद्ध कर्म में काल सर्प योग निवारण, पिंड, त्रिपिंडी, पितृ तर्पण करने जैसे अनुष्ठान भी शामिल हैं।
जाम लगे तो यहां से निकलें
सुरक्षा के रहे कड़े प्रबंध
डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पितृ विसर्जनी अमावस्या के मद्देनजर ब्रजघाट में लाखों भक्तों का आवागमन होना है। इसलिए नेशनल हाईवे को जाम मुक्त रखने और भक्तों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था से जुड़े कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा में पांच सब इंस्पेक्टर, 25 कांस्टेबल, एक प्लाटून पीएसी, दो टीएसआई, 8 ट्रैफिक पुलिस कर्मी, दो महिला सब इंस्पेक्टर, 8 महिला कांस्टेबल लगाए गए हैं। एक दमकल गाड़ी और हाईवे पर खराब होने वाले वाहनों को हटाने के लिए एक क्रेन की भी व्यवस्था की गई है।
नेशनल हाईवे पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ की तरफ जाने वाले भक्त ब्रजघाट से पलवाड़ा रोड वाया डेहरा कुटी से वैट होकर जाम से बचते हुए हाईवे पर पहुंच सकेंगे। मेरठ, बागपत, बड़ौत, किठौर क्षेत्र के भक्त गांव अल्लाबख्शपुर के सामने से महमाई रोड होकर गढ़ कस्बे से निकलकर मेरठ रोड पर पहुंच सकेंगे। बुलंदशहर, स्याना, औरंगाबाद के भक्त ब्रजघाट वाया पलवाड़ा रोड होकर लौट सकेंगे।