पतंग उड़ाते हुए हाईटेंशन तार की चपेट में आए किशोर, दर्दनाक हादसे में झुलसकर दो की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समयपुर बादली इलाके में छत पर पतंग उड़ाने के दौरान हाईटेंशन तार के चपेट में आने से दो किशोरों की मौत हो गई। घटना के समय किशोरों की पतंग तार में फंस गई थी जिसे दोनों निकालने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, रोहित (13) और हर्ष (13) परिजनों के साथ खेड़ा कॉलोनी में रहते थे। जिस मकान में हादसा हुआ वह हर्ष के पिता सुमित कुमार की है।
सुमित ने ऊपरी मंजिल को रोहित के पिता गोरेलाल को किराए पर दे रखा है। दोनों बच्चे आठवीं कक्षा के छात्र थे और दोनों दोस्त थे। बृहस्पतिवार शाम रोहित और हर्ष छत पर पतंग उड़ा रहे थे।
शोर सुनकर छत पर पहुंचे परिजन
इसी दौरान मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन तार में उनकी पतंग फंस गई। दोनों छत पर रखे एक रॉड को लेकर पतंग को उतारने लगे। इसी दौरान अचानक दोनों करंट की चपेट में आकर झुलस गए।
शोर सुनकर परिवार के सदस्य छत पर पहुंचे और दोनों को जख्मी हालत में अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों 80 फीसदी झुलस चुके थे।
सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंची पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराकर शवों को परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है किसकी लापरवाही से यह घटना घटी है।