जेल जाने से पहले चौटाला ने किया बड़ा खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीचर भर्ती घोटाले में कोर्ट के आदेश पर जेल में समर्पण करने जाने से पहले हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने हरियाणा में दो तिहाई से अधिक सीटों पर जीत का दावा करते हुए जीतने वाली 50 सीटें तक गिनवा डाली।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के बाद अब भाजपा की मोदी सरकार सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। चौटाला जेल जाने से पहले जनपथ स्थित आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ न कोई सुबूत है और न कोई गवाह, फिर भी वे सलाखों के पीछे है। वे कोर्ट के आदेश का ऐहतराम करते हैं। उनके जेल में होने के बावजूद इनेलो कार्यकर्ताओं ने पार्टी को और अधिक प्रभावी बना दिया है।
प्रनमंत्री मोदी ने करनाल की रैली में जिस भाषा का प्रयोग किया उसपर हमारा विनम्र निवेदन है कि प्रधानमंत्री संयम रखें। उनकी प्रयोग की जा रही भाषा से नहीं लगता कि वे महात्मा गांधी के राज्य गुजरात में पैदा हुए हैं।
पार्टी विधायक ही चुनेंगे मुख्यमंत्री
सीबीआई का दुरुपयोग पहले मेरे खिलाफ कांग्रेस ने किया अब मोदी सरकार कर रही है लेकिन देश के ग्रामीण व कमेरे वर्ग में देवीलाल व हमारे परिवार के प्रति अटूट श्रद्धा है।
चौटाला ने दावा किया कि पंचकूला की दो, कैथल की चार, यमुनानगर की चार, करनाल की पांच, कुरुक्षेत्र की चार, जींद व सिरसा की पांच-पांच, सिरसा की पांच, फतेहाबाद की तीन, भिवानी की छह, रिवाड़ी की तीन, मेवात व पलवल की तीन-तीन सीटों के अलावा सोनीपत की छह सीटों पर इनेलो उम्मीदवार जीत रहे हैं।
मुख्यमंत्री कौन होगा सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी के चुने गए विधायक तय करेंगे। जेल से शपथ लेने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसे उदाहरण है जबकि छह माह के लिए मुख्यमंत्री की शपथ जेल में बंद नेता द्वारा ली गई हो।
मोदी रैली में कह रहे हैं कि हमारे परिवार को बेटों के अलावा कोई नहीं दिखाई देता। मोदी हरियाणा की संस्कृति जानते नहीं हैं, हमारे यहां मां-बाप के रहते हुए बेटे आगे नहीं जाते। चौटाला ने कहा कि अभी वे बीमार हैं लेकिन कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए जेल जा रहे हैं।
जरूरत पड़ी तो किसके समर्थन से सरकार बनाएंगे सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसी संभावना भी नहीं है, हम दो तिहाई से अधिक सीटों के साथ हरियाणा में स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वाड्रा के जमीन खरीद मामले में सबसे पहले उन्होंने ही आरोप लगाए थे।
भगवान कृष्ण की तरह ननिहाल में हुआ पैदा
ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि जेल से उनके परिवार का पुराना नाता रहा है। भगवान कृष्ण भी ननिहाल में पैदा हुए और मैं भी पिता के लाहौर जेल में बंद रहने के दौरान ननिहाल में पैदा हुआ। एमरजेंसी में भी लगातार जेल में मैंने 19 महीने बिताए।
किसानों व शिक्षकों के लिए भी जेल गया। हमारी तीन पीढ़ियां लगातार जनता के हितों की लड़ाई लड़ते हुए जेल जा रही है और जाती भी रहेगी। 3206 बच्चों को नौकरी दिलाने पर मुझे जेल काटनी पड़ रही है, यह अपराध फिर से करूंगा चाहे मुझे फांसी पर ही क्यों न चढ़ा दिया जाए।
जेल जाऊंगा, साथ चलेंगे क्या?
चौटाला से जब सवाल किया गया आज का आपका शेड्यूल क्या रहेगा, इसपर उन्होंने जवाब दिया कि यहां मैं जेल जाऊंगा, आप भी साथ चलेंगे क्या? यह सुनते ही सवाल करने वाले पत्रकार ने हाथ हिलाकर मना कर दिया और हंसी का ठहाका गूंज उठा।