केजरीवाल की दो यात्राओं पर गोवा सरकार ने खर्च किए मात्र 500 रुपये
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दो बार गोवा की यात्रा की मगर उनकी यात्रा पर गोवा सरकार ने मात्र 500 रुपये ही खर्च किए हैं। यह जानकारी गोवा विधानसभा में दी गई।
दरअसल में केजरीवाल ने अपनी यात्रा के दौरान राज्य अतिथि गृह में रहने से इंकार कर दिया था। राज्य प्रोटोकॉल मंत्री द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली के मुख्यमंत्री को वाहन और राज्य अतिथि गृह रहने के लिए उपलब्ध कराया गया था।
उन्हें एयरपोर्ट से लाया गया और छोड़ा गया। मगर उन्होंने राज्य अतिथि गृह की सेवा का लाभ नहीं लिया। राज्य सरकार ने पहली यात्रा पर उन्हें 500 रुपये का एक फूलों का गुलदस्ता भेंट किया था।
22 मई और 28 जून को गए थे गोवा
गौरतलब है कि गोवा विकास पार्टी के विधायक फ्रांसिस्को मिकी पचेको ने सदन में केजरीवाल की यात्रा पर हुए खर्च को लेकर सवाल पूछा था।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 22 मई और 28 जून को दो बार गोवा की यात्रा की थी और इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया था तथा समाज के विभिन्न तबके के लोगों से बातचीत की थी।
आप पहले ही यह घोषणा कर चुकी है कि वह आगामी गोवा विधानसभा चुनाव में गोवा की सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह चुनाव मार्च 2017 से पहले होने हैं।