ओला व उबर के ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, नोएडा के थाने में अधिकारियों ने दी शिकायत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ओला व उबर के चालकों की हड़ताल के बीच इन कंपनियों के ऑफिसों को बम से उड़ाने और तोड़फोड़ कर आग लगाने की धमकी मिलने लगी है। इसे देखते हुए उबर के अधिकारियों ने शुक्रवार को नोएडा के थाना फेज-तीन में शिकायत दी है। साथ ही ऑफिस के लिए पुलिस सुरक्षा की भी मांग की है।
मालूम हो कि एप आधारित कैब सेवा ओला व उबर के बहुत से चालक काफी समय से कंपनियों की नीति के खिलाफ हड़ताल पर हैं। कई जगहों पर इनकी हड़ताल हिंसात्मक रुख भी ले चुकी है।
कुछ दिन पूर्व इन लोगों ने हड़ताल का समर्थन करने वाले कुछ ओला उबर चालकों की गाड़ियों में तोड़फोड़ की थी और एक कैब में आग लगा दी थी।
जबरन काम करने वाले चालकों से की जा रही तोड़फोड़-मारपीट
ओला व उबर केचालकों की एसोसिएशन मांग कर रही है कि कंपनियां पूल और शेयरिंग व्यवस्था बंद करें। न्यूनतम किराया 12.50 रुपये किया जाए। साथ ही उन लोगों को कंपनी के साथ होने वाले समझौते की कॉपी दी जाए।
इन मांगों को लेकर कैब चालकों की एसोसिएशन दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन भी कर रही है। उबर कंपनी के फैसिलिटी इंचार्ज पंकज कुमार ने बताया कि जिन टैक्सियों को कंपनी ने नियम के मुताबिक काम न करने या शिकायत मिलने पर हटाया है, वही लोग प्रदर्शन कर रहे हैं।
जो चालक काम करना चाहते हैं उन्हें भी जबरन हड़ताल में शामिल करने के लिए गाड़ियों में तोड़फोड़, लूटपाट और सवारियों से बदसलूकी की जा रही है। अब तक कैब में तोड़फोड़ की आठ शिकायतें कंपनी को मिल चुकी हैं।