नूंह। इंडरी खंड की जयसिंहपुर पंचायत के चिलावली गांव में लंबे समय से ग्रामीण जर्जर मार्ग से जूझ रहे हैं। इस बारे में ग्रामीणों ने संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया है। लेकिन ग्रामीणों की इस समस्या का कोई समाधान नहीं किया गया है। इससे ग्रामीणों में संबंधित विभाग के प्रति रोष है। सत्तार, ईदरीश, रशीद, मगरू, शहीद, आसू व जानू सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उनका गांव जयसिंहपुर पंचायत के अंतर्गत आता है। वर्षों से गांव के कई मार्ग जर्जर हैं। इस कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
खराब मार्गों के कारण कई बार ग्रामीण घायल हो चुके हैं। शिकायत करने के बावजूद भी संबंधित विभाग के अधिकारी संज्ञान नहीं ले रहे हैं। बच्चे, महिला और बुजुर्गों को गंतव्य तक पहुंचने में मुश्किल होती है। दूसरी ओर बारिश होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इससे लोग बीमार पड़ रहे हैं। इसी कारण दिन प्रतिदिन लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि वर्षों से उनके गांव की पंचायत द्वारा विकास कार्यों में उपेक्षा की जा रही है। गांव में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। ऐसे में उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उनके गांव की समस्याओं का प्रमुखता से समाधान कराया जाए। वहीं इस बारे में नूंह के एसडीएम प्रदीप अहलावत ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या के बारे में उन्हें हाल ही में पता चला है जल्द ही ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।