ग्रेटर नोएडा में तीन बीटेक छात्रों की मौत: पानी के टैंकर से टकराई युवकों की बाइक, तीनों ने नहीं पहना था हेलमेट
कासना कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला का कहना है कि हादसे की सूचना के तुरंत बाद ही पुलिस बल के साथ कासना स्थित जिम्स पहुंचे थे। हादसे में घायल दो छात्रों की मौत हो चुकी थी। वहीं एक छात्र समर्थ पुंडीर घायल था। बाद में उसकी भी मौत हो गई थी।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत चुहुडपुर अंडरपास के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार बाइक पानी के टैंकर से जा टकराई। हादसे में गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में बीटेक कंप्यूटर साइंस के तीन छात्रों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बाइक सवार तीनों छात्रों ने हेलमेट नहीं पहना था।
पंचवटी कॉलोनी गाजियाबाद निवासी स्वयं सागर (19), खुदरा थाना धम्मौर जिला गाजीपुर निवासी कुश उपाध्याय (21), सेटेलाइट कॉलोनी बरेली निवासी समर्थ पुंडीर (18) बाइक पर सवार होकर रविवार शाम करीब 5 बजे निंबस के पास खाना खाने के लिए जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक एक पानी के टैंकर से जा टकराई। हादसे में तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पहले कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने स्वयं सागर और कुश को मृत घोषित कर दिया।
वहीं समर्थ पुंडीर को प्राथमिक उपचार देकर ग्रेटर नोएडा के फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया। जहां डॉक्टरों ने समर्थ पुंडीर को भी मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद विश्वविद्यालय परिजन और पुलिस की ओर से मृतकों के परिजन को सूचना दी गई है। हादसे के बाद से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा है।
कासना कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला का कहना है कि हादसे की सूचना के तुरंत बाद ही पुलिस बल के साथ कासना स्थित जिम्स पहुंचे थे। हादसे में घायल दो छात्रों की मौत हो चुकी थी। वहीं एक छात्र समर्थ पुंडीर घायल था। उसकी सांस चल रही थी। जिसे तुरंत ही एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि पुलिस से सूचना के तुरंत बाद घायलों को सही उपचार के लिए अस्पताल टीम भेजी गई थी। प्रबंधन का कहना है कि समर्थ पुंडीर बीटेक कंप्यूटर साइंस के द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह हॉस्टल में रहता था। जबकि स्वयं सागर और कुश उपाध्याय बीटेक कंप्यूटर साइंस के तीसरे वर्ष के छात्र थे। दोनों छात्र विश्वविद्यालय परिसर से बाहर रहते थे।
वहीं बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। परिजन की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच की जाएगी।
संबंधित वीडियो-