माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर- 1 स्थित बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान में प्रशिक्षण व नियुक्ति प्रकोष्ठ की ओर से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, रिज्यूम लेखन व अभ्यास साक्षात्कार विषय पर सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एस्ट्रा प्रोटेक्शन ग्रुप व एस्ट्रा ट्रेनिंग अकादमी के संस्थापक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक बहल ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा, कॉर्पोरेट जगत में सफलता प्राप्त करने के लिए केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रभावशाली व्यक्तित्व, उत्कृष्ट संवाद कौशल और आत्मविश्वास भी आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपना रिज्यूमे तैयार करते समय अपनी प्रमुख योग्यताओं, कौशलों व उपलब्धियों को स्पष्ट और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की सलाह दी। उन्होंने साक्षात्कार की तैयारी के लिए नियमित अभ्यास, सकारात्मक दृष्टिकोण, व्यावसायिक व्यवहार, वेशभूषा और शारीरिक हाव-भाव पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया। संस्थान के निदेशक प्रो विकास त्रिपाठी ने कहा, हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल, आत्मविश्वासी और रोजगार के लिए तैयार बनाना भी है। कार्यक्रम का समन्वय प्राध्यापक डॉ अरुण मित्तल व सुनील चौधरी और विद्यार्थियों में हर्षिता व मन ने किया।