AFGvsNZ: ग्रेटर नोएडा में दिखेगा विलियमसन-रचिन रविंद्र का जलवा, नौ सितंबर से अफगानिस्तान-न्यूजीलैंड टेस्ट मैच
न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच पहला टेस्ट मैच खेला 9 से 13 सितंबर के बीच खेला जाएगा। जो ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर स्टार बल्लेबाज केन विलियमसन और रचिन रविंद्र की बल्लेबाजी की क्लास देखने को मिलेगी। जबकि गेंदबाजी में स्पिनर पर एजाज पटेल और मिशेल सेंटनर का जलवा देखने को मिलेगा। एजाज भारत के खिलाफ टेस्ट की एक पारी में 10 विकेट लेने का इतिहास रच चुके हैं। उधर रचिन रविंद्र भारतीय मूल के खिलाड़ी है। वहीं डेरियल मिशेल व ग्लेन फिलिप्स की आतिशी बल्लेबाजी देखने को मिलेगी।
न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच पहला टेस्ट मैच खेला 9 से 13 सितंबर के बीच खेला जाएगा। जो ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टेस्ट मैच के आयोजन को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण स्टेडियम को तैयार कर रहा है। वहीं इस बीच न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने टेस्ट मैच के लिए टीम का एलान कर दिया है। जो अफगानिस्तान के साथ एकमात्र टेस्ट के साथ-साथ श्रीलंका के साथ दो टेस्ट मैचों के लिए चुनी गई है।
टीम के एलान के साथ तय हो गया है कि पहली बार शहर के क्रिकेट प्रेमियों को नामी क्रिकेटरों का जलवा देखने को मिलेगा। इनमें स्टार बल्लेबाज केन विलियमसन से लेकर टॉम लैथम, डेवोन कॉनवे, डेरिल मिशेल, रचिन रविंद्र, टॉम ब्लंडेल व ग्लेन फिलिप्स शामिल हैं। जबकि गेंदबाजी की अगुवाई कप्तान टिम साउथी करेंगे। भारतीय पिचों को ध्यान में रखकर न्यूजीलैंड टीम में पांच स्पिनर को शामिल किया गया है। इनमें मिशल सेंटनर व एजाज पटेल मुख्य है। उनका साथ माइकल ब्रेसवेल देंगे। जो गेंदबाजी ऑलराउंडर खिलाड़ी है।
स्पिन पिच पर होगी बल्लेबाजी की परीक्षा
अफगानिस्तान टीम की ताकत स्पिन गेंदबाजी हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि ग्रेटर नोएडा स्टेडियम की पिच स्पिनरों की मददगार होगी। अफगानिस्तान के पास राशिद खान के साथ मुजीब उर रहमान जैसे गेंदबाज है। मोहम्मद नबी भी अच्छी गेंदबाजी कर लेते हैं। ऐसे में न्यूजीलैंड ने स्पिनरों पर भरोसा जताया हैं।
अफगानिस्तान-न्यूजीलैंड टेस्ट मैच का समय
-सुबह 9:30 बजे: दिन का खेल शुरू होगा
-सुबह 9:30 से 11:30 बजे: पहला सत्र
-सुबह 11:30 से 12:10 बजे: लंच का समय
-दोपहर 12:10 से 2:10 बजे: दूसरा सत्र
-दोपहर 2:10 से 2:30 बजे: चायकाल
-दोपहर 2:30 से 4:30 बजे: तीसरा सत्र
पिछले पांच में से दो मैच हारी है न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान चार
दोनों टीम पहली बार टेस्ट मैच में आमने-सामने होंगी, लेकिन अगर दोनों टीमों के पिछले पांच टेस्ट मैचों के परिणाम की बात करें तो न्यूजीलैंड पांच में से दो मैच हारी है और तीन में जीत मिली है। न्यूजीलैंड को ऑस्ट्रेलिया से दो मैच में हार का सामना करना पड़ा। जबकि बंग्लादेश से एक व साउथ अफ्रीका से दो मैच जीते हैं। वहीं अफगानिस्तान को पिछले पांच मैच में से एक में जीत और चार में हार का सामना करना पड़ा है। अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को हराया था। जबकि आयरलैंड, बंग्लादेश, जिम्बाब्वे व श्रीलंका से हार का सामना करना पड़ा।
ग्रेटर नोएडा में आने वाली न्यूजीलैंड की टीम
टिम साउथी (कप्तान), टॉम ब्लंडेल, माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, मैट हेनरी, टॉम लैथम, डेरिल मिशेल, विल ओ' रुरके, एजाज पटेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिशेल सेंटनर, बेन सियर्स, केन विलियमसन, विल यंग।