Firing in Noida Amity University: एमिटी यूनिवर्सिटी में दो गुटों में हुई फायरिंग, एक छात्र के पैर में लगी गोली
घायल छात्र को कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मौके पर भारी संख्या में पुलिसबल मौजूद है और मामले की जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एमिटी विश्वविद्यालय के पास सेक्टर-125 रेडलाइट पर छात्रों के दो गुट के बीच विवाद हो गया और इसमें एक छात्र ने फायरिंग कर दी। इसमें दूसरे गुट के छात्र के जांघ में गोली लग गई। शुक्रवार शाम को हुई इस घटना के बाद घायल छात्र को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्र की हालत में सुधार है। कोतवाली सेक्टर-126 पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एमिटी विश्वविद्यालय में पढऩे वाले दो छात्रों दिल्ली निवासी कुणाल व बरौला निवासी पृथ्वी के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों छात्र एमिटी विश्वविद्यालय में पढ़ते हैं। शुक्रवार शाम को दोनों छात्र गुटों के बीच फोन पर बातचीत चल रही थी। कई राउंड की बात होने के बाद दोनों के बीच समझौते की बात हो रही थी। इसी समझौते के लिए दोनों गुट के कई छात्र सेक्टर-125 पहुंचे। वहां सेक्टर-125 रेड लाइट केे पास बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई और पृथ्वी ने फायरिंग कर दी। इसमें कुणाल के दोस्त सलारपुर निवासी गौरीश भाटी के जांघ में गोली लग गई।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और भीड़ लग गई। तभी विश्वविद्यालय के कई छात्र भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-126 थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और घायल छात्र गौरीश को उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। गोली चलाने के बाद पृथ्वी अपने दो अन्य साथियों के साथ फरार हो गया। पुलिस तीनों की तलाश कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक दोनों पक्ष एक ही समुदाय के हैं। विश्वविद्यालय प्रबंधन को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। मुख्य आरोपी पृथ्वी अट्टा गांव का रहने वाला है।
बृहस्पतिवार को हुई थी कहासुनी
पुलिस की जांच में पता चला है कि दोनो पक्षों के बीच बृहस्पतिवार को भी कहासुनी हुई थी। यह घटना उस वक्त हुई थी जब सेक्टर-125 वेंडर जोन में चाय पी रहे थे। दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद दूसरे छात्रों ने शांत करा दिया था। हालांकि दोनों पक्ष के छात्रों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। इसके बाद ही दोनों पक्ष के बीच समझौते की बात चल रही थी और मोबाइल पर कई राउंड की बात होने के बाद दोनों लोग शुक्रवार को समझौते के लिए मिले थे।
फायरिंग के बाद मची अफरातफरी
सेक्टर-125 रेडलाइट पर जैसे ही फायरिंग हुई। वहां अफरातफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाइक व कार वाले रूक गए। गोली चलाते ही आरोपी व उसके साथी मौके से भाग गए। जब फायरिंग की सूचना मिली तब घायल छात्र के साथी मौके पर पहुंच गए और अस्पताल में देर रात थे। इसके बाद घायल छात्र के परिजन भी आ गए।
छात्रों के दो गुटों में विवाद के बाद गोली लगने से एक छात्र घायल हो गया। छात्र के जांघ में गोली लगी है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही है। -रामबदन सिंह, डीसीपी नोएडा।