यूपी: फ्लाईओवर पर सुरक्षा पट्टियां मिटा नेताओं ने लिखे नाम, भाजपा के अलावा सपा नेता भी इस कारनामे में आगे
नोएडा-ग्रेनो वेस्ट लिंक 130 मीटर रोड पर बने डीएफसीसी फ्लाईओवर पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। फ्लाईओवर के ऊपर दोनों तरफ बनीं पैराफीट (करीब चार फुट ऊंची बाहरी दीवार) पर काली-सफेद पट्टियों को ही मिटा दिया गया है। फ्लाईओवर के शुरू होने के बाद से ही कुछ स्थानीय नेताओं ने इसे अपने नाम चमकाने का जरिया बना लिया है।
विस्तार
नोएडा-ग्रेनो वेस्ट लिंक 130 मीटर रोड पर बने डीएफसीसी फ्लाईओवर पर भविष्य के माननीय ही लोगों की जिंदगियां दांव पर लगा रहे हैं। यहां फ्लाईओवर के ऊपर लोगों की सुरक्षा के लिए दोनों तरफ बनीं पैराफीट (करीब चार फुट ऊंची बाहरी दीवार) पर काली-सफेद पट्टियों को ही मिटा दिया गया है। यह पट्टियां तेज धूप या रात के समय चमकीली रौशनी में वाहनों को हादसे का शिकार होने से बचाने में मददगार होती हैं। इसे समझने के उलट इनको मिटाकर अपने नाम की वॉल पेंटिंग स्थानीय नेता कराने में लगे हैं। ट्रैफिक सुरक्षा के नियमों की अनदेखी करने में भाजपा के साथ सपा के नेता भी शामिल हैं।
करीब चार महीने पहले ही डेडीकेटेड फ्रेट रेलवे कारीडोर के ऊपर निर्माण पूरा होने के बाद वाहनों की आवाजाही के लिए यह फ्लाईओवर सूरजपुर इंडस्ट्रियल एरिया साइट सी और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र को जोड़ने के लिए शुरू हुई थी। फ्लाईओवर के शुरू होने के बाद से ही यह स्थानीय नेताओं के लिए अपना नाम चमकाने के लिए बेहतर मौका बन गया। एक के बाद एक यहां सफेद-काली पट्टियों को सफेदी कर मिटाया जाना शुरू हो गया। करीब 15 फुट तक लंबाई में हर नेता इन सुरक्षा पट्टियों को खत्म करने में लग गया। कमोबेश पूरे फ्लाईओवर पर अब राजनैतिक पार्टियों के चुनाव चिन्ह के साथ दादरी विधानसभा का नाम और नंबर नजर आते हैं। इसके साथ ऐसा कराने वाले नेताओं के नाम बड़े-बड़े अक्षरों में यहां लिखे गए हैं।
डीएफसीसी फ्लाईओवर के परियोजना प्रबंधक मदन गौतम का कहना है कि यह उचित नहीं है कि इस तरह वॉल पेंटिंग अपने लाभ के लिए कर दी जाए। किसी ने कोई अनुमति इस काम के लिए नहीं ली है। अब वापस सफेद-काली पट्टियों को पहले की तरह करने के लिए नए सिरे से यहां काम कराना होगा। यह केवल सफेद-काला सामान्य पेंट नहीं होता, रात के समय यह नजर आए, इसके लिए खास थर्मोप्लास्ट पेंट से यह रोड मार्किंग करानी होती है। इस समस्या से निपटने के लिए ग्रेनो प्राधिकरण से मदद मांगी है जिससे वापस इसे ठीक कराया जा सके और वाहनों की आवाजाही सुरक्षित हो।
क्यों जरूरी काली-सफेद पट्टियां?
पीडब्ल्यूडी के एक इंजीनियर ने बताया कि सड़कों पर जरूरत के मुताबिक, सफेद-काली या काली-पीली रंग की पट्टियां बनाई जाती हैं। यह सड़क सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी होता है। सड़कों पर डिवाइडर, साइड पटरी के अलावा पुलों पर इस तरह की पट्टियां जरूरी होती हैं। अलग-अलग रंग की तय मानक की चौड़ाई के साथ बनी पट्टियां एक तरह का कांट्रास्ट बनाती हैं। इससे वाहन चालक को डिवाइडर या पुलों के ऊपर पैराफीट नजर आने में मदद मिलती है। इससे हादसों की संख्या न्यूनतम हो जाती है। इसे अगर मिटाया जाए तो यह वाहनों के लिए असुरक्षित हो जाता है।
इन नेताओं के नामों की हुई वॉल पेंटिंग
- कुशल पाल सिंह, भाजपा
- सुशील भाटी, भाजपा
- अक्षय चौधरी, सपा
- सतेंदर अवाना, भाजपा
इनके अलावा कई दूसरे नेता भी अब सफेदी करा अपने नाम यहां लिखवाने की तैयारी में हैं। अगले महीने विधानसभा की टिकटों का बंटवारा होना है, ऐसे में इसमें तेजी आई है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को होगा अब हैंडओवर
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि उनका काम केवल फ्लाईओवर का निर्माण कराना था। भविष्य में रखरखाव और इस तरह की समस्याओं से निबटने के लिए अब ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को इसका हैंडओवर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए पत्र भी प्राधिकरण को भेज दिया गया है।
